28 Mar 2024, 23:30:20 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

पांड्या पराक्रम और चाहर के कहर से मुंबई जीती, दिल्ली ध्वस्त

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Apr 19 2019 12:45AM | Updated Date: Apr 19 2019 12:45AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। पांड्या बंधुओं क्रुणाल और हार्दिक की आखिरी ओवरों में आतिशी बल्लेबाजी के बाद लेग स्पिनर राहुल चाहर की घातक गेंदबाजी के दम पर मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को उसके फिरोजशाह कोटला मैदान में गुरूवार को आईपीएल-12 मुकाबले में 40 रन से हरा दिया। मुंबई इंडियंस ने पांच विकेट पर 168 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया और दिल्ली को उसकी 49 रन की अच्छी शुरुआत के बाद चाहर के कहर से नौ विकेट पर 128 रन पर थाम लिया। मुंबई की नौ मैचों में यह छठी जीत है और वह 12 अंकों के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गयी है जबकि दिल्ली को नौ मैचों में चौथी हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली के खाते में 10 अंक हैं। दिल्ली ने पिछले साल इसी मैदान पर मुंबई को 11 रन से हराया था लेकिन इस बार उसे शीर्ष क्रम की नाकामी से शिकस्त झेलनी पड़ गयी। मुंबई ने इस जीत से दिल्ली के खिलाफ 24 मैचों में आंकड़ा 12-12 कर लिया है।

मुंबई की जीत से मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर काफी खुश हुए जो मुंबई के डग आउट में बैठे थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने अच्छी शुरुआत की और छह ओवर के पॉवरप्ले में 48 रन जोड़े। बाएं हाथ के बल्लेबाज शिखर धवन काफी आक्रामक अंदाज में खेल रहे थे लेकिन पॉवरप्ले के बाद पहले ओवर में लेग स्पिनर राहुल चाहर की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश में गेंद की लाइन चूके और बोल्ड हो गए। शिखर ने 22 गेंदों पर 35 रन में पांच चौके और एक छक्का लगाया। दिल्ली का पहला विकेट 49 के स्कोर पर गिरा। चाहर ने अपने अगले ओवर में पृथ्वी शॉ को भी निपटा दिया। पृथ्वी का कैच बॉउंड्री के पास हार्दिक पांड्या ने लपका और दिल्ली ने अपना दूसरा विकेट 59 के स्कोर पर गंवा दिया। पृथ्वी ने 24 गेंदों पर 20 रन में दो चौके लगाए। दिल्ली को जल्द ही तीसरा झटका लग गया जब लेफ्ट आर्म स्पिनर क्रुणाल पांड्या ने कॉलिन मुनरो को बोल्ड कर दिया। मुनरो नौ गेंद में तीन रन ही बना सके।

कप्तान श्रेयस अय्यर भी विकेट पर ज्यादा देर नहीं टिक सके और राहुल ने उन्हें भी बोल्ड कर दिया। अय्यर ने छह गेंदों में तीन रन बनाये। दिल्ली का चौथा विकेट 63 पर गिरा। चाहर ने अपना स्पैल 19 रन पर तीन विकेट के साथ समाप्त किया। दिल्ली ने पॉवरप्ले के बाद पांच ओवर में 17 रन जोड़कर चार विकेट गंवा दिए और वह गहरे संकट में फंस गयी। यॉर्करमैन जसप्रीत बुमराह ने एक बेहतरीन गेंद पर ऋषभ पंत को बोल्ड कर दिल्ली को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया। विश्व कप से नजरअंदाज किये गए लेकिन वैकल्पिक खिलाड़ियों में शामिल किये पंत ने 11 गेंदों में सात रन बनाये और दिल्ली का पांचवां विकेट 76 के स्कोर पर गिर गया।

पंत के आउट होते ही दिल्ली की उम्मीदें भी टूट गयीं।अक्षर पटेल ने 17वें ओवर की पहली गेंद पर लसित मलिंगा पर जोरदार छक्का जड़कर दर्शकों में कुछ रोमांच पैदा किया। लेकिन मंिलगा ने इसी ओवर की आखिरी गेंद पर क्रिस मौरिस को पवेलियन भेज दिया। मौरिस ने नौ गेंदों में 11 रन बनाये। बुमराह ने अगले ओवर में कीमो पॉल को रन आउट कर दिया। बुमराह ने पटेल को अगली गेंद पर बोल्ड कर दिया। पटेल ने 23 गेंदों में 26 रन बनाये। बुमराह ने चार ओवर में 18 रन पर दो विकेट लिए। दिल्ली की टीम नौ विकेट पर 128 रन ही बना सकी।

 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »