ठाणे। मुंबई से सटे पालघर सीट से भारतीय जनता पार्टी के सांसद राजेन्द्र गावित को भायंदर इलाके में सुबह टहलने के समय कथित रूप से उन्हें गाली देने के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आज सुबह जब गावित जागर्स पार्क में टहल रहे थे तब दो समूह के बीच कहासुनी हो गई। मामले को सुलझाने के लिए श्री गावित जब वहां पहुंचे तब कुछ लोगों ने उन्हें गाली दी जिसके बाद मौखिक विवाद हुआ। आरोपियो के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 143,147, 149 के तहत पुलिस ने मामला दर्ज किया है। ठाणे की ग्रामीण पुलिस मामले की जांच कर रही है।