बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले में माराफारी थाना क्षेत्र के रितुडीह में आज अपराधियों ने दिनदहाड़े भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय को गोली मार दी। पुलिस अधीक्षक पी. मुरुगन बोकारो जेनरल अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि रितुडीह मुखिया के पति जलेश्वर साव को गोली मारी गई है। घटना का कारण जांच के बाद पता चलेगा। फिलहाल जलेश्वर बोलने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने कहा कि जो भी इस घटना के जिम्मेदार होंगे उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो रितुडीह में गोदाम के पास जलेश्वर साव का आवासीय कार्यालय है। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे उन्हें गोली मारी गई। दो बाइक पर करीब छह युवक उनके पास आए थे। कुछ देर तक उनसे बातचीत की और उसके बाद उन्हें गोली मार दी। बताया जाता है कि उन्हें कुल तीन गोलियां लगी हैं। इधर घटना की सूचना मिलते ही बोकारो के विधायक विरंची नारायण अस्पताल पहुंचे। घटना के बारे में उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों से जानकारी ली। वहीं, चिकित्सकों से जलेश्वर साव की स्थिति के बारे में जानकारी ली।