28 Mar 2024, 19:56:30 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

मोदी के गृह प्रदेश गुजरात की सभी 26 सीटों पर कल शाम थम जायेगा चुनाव प्रचार का शोर

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Apr 20 2019 11:27PM | Updated Date: Apr 20 2019 11:27PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

गांधीनगर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गृह राज्य गुजरात में आगामी 23 अप्रैल को सभी 26 लोकसभा सीटों पर एक साथ होने वाले चुनाव के लिए प्रचार का शोर कल शाम पांच बजे थम जायेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कल अंतिम दिन भी चुनावी रैलियां करेंगे। प्रचार के दौरान भाजपा ने जहां राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद और विकास के साथ ही साथ कांग्रेस के गुजरात के साथ कथित अन्याय को मुख्य मुद्दा बनाया है वहीं कांग्रेस ने नोटबंदी और जीएसटी के अलावा किसानों की बदहाली और बेरोजगारी आदि को प्रमुखता से उठाया है। मोदी अब तक छह चुनावी सभाएं कर चुके हैं और गांधी ने भी कम से कम तीन रैलियां की है।
 
दोनो ने एक दूसरे पर सीधे प्रहार भी किये हैं। गांधी ने मोदी पर गिने चुने उद्योगपतियों के लिए काम करने का आरोप लगाया है और गरीबों के खाते में धन देने की अपनी न्याय योजना को भी खूब प्रचारित किया है। उन्होंने इसे गरीबी के खिलाफ अपनी पार्टी का सर्जिकल स्ट्राइक करार दिया है। भाजपा की ओर से इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, जो गांधीनगर लोकसभा सीट पर प्रत्याशी भी हैं, ने अब तक चार रोड शो किये हैं तथा कल अंतिम दिन भी वह साणंद में एक रोड शो करने वाले हैं। उन्होंने भी अपनी सभाओं में कांग्रेस पर सीधे हमले किये हैं। भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, स्मृति ईरानी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फणनवीस, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आदि प्रचार कर चुके हैं। कांग्रेस की ओर से पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू , पार्टी के कोषाध्यक्ष अहमद पटेल तथा हाल में भाजपा छोड़ पार्टी में आये अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने भी सभाएं की हैं।
 
ज्ञातव्य है कि तीसरे चरण में गुजरात की 26 लोकसभा सीटों के साथ ही देश भर में कुल 14 राज्यों की कुल 115 सीटों पर चुनाव होना है। गुजरात में कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे के कारण चार विधानसभा सीटों जामनगर ग्रामीण, ऊंझा, ध्रांगध्रा और माणावदर में उपचुनाव भी होंगे। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। यहां कुल 4.47 करोड़ मतदाताओं में 2.14 करोड महिलाएं हैं। चुनाव के लिए कुल 51851 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। सभी 26 लोकसभा सीटों पर कुल 371 प्रत्याशी मैदान में है इनमें से सर्वाधिक 31 सुरेन्द्रनगर में और न्यूनतम छह पंचमहाल में हैं। चार विधानसभा सीटों पर कुल 45 प्रत्याशी हैं। मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के बीच माना जा रहा है। भाजपा ने पिछली बार सभी 26 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। इस बार भी मुख्य मुकाब चुनाव के दिन प्रधानमंत्री मोदी अहमदाबाद के राणिप में एक बूथ पर अपना मतदान करेंगे।
 
यह गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में आता है। गुजरात से लोकसभा चुनाव में शाह के अलावा प्रमुख उम्मीदवारों में चार पूर्व केंद्रीय मंत्री भरतसिंह सोलंकी तुषार चौधरी, मनसुख वसावा और मोहन कुंडारिया है। इनके अलावा राज्य के मंत्री परबत पटेल बनासकांठा सीट पर भाजपा उम्मीदवार है। कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष और अमरेली के विधायक परेश धानाणी समेत आठ विधायकों को भी चुनाव मैदान में उतारा है। भाजपा ने चार निवर्तमान सांसदों समेत छह महिलाओं को टिकट दिया है जबकि कांग्रेस ने केवल एक महिला प्रत्याशी को मैदान में उतारा है। भाजपा ने एक भी मुस्लिम उम्मीदवार नहीं बनाया है जबकि कांग्रेस ने मात्र एक मुस्लिम को टिकट दिया है। राज्य की दो सीटे अनुसूचित जाति तथा चार अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। मतगणना 23 मई को होगी।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »