20 Apr 2024, 07:37:20 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

प्रसिद्धि और पुरस्कारों की चकाचौंध में नहीं खोएं खिलाड़ी : मोदी

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Sep 6 2018 11:23AM | Updated Date: Sep 6 2018 11:23AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 18वें एशियाई खेलों के पदक विजताओं से बुधवार को अपने आवास पर मुलाकात की और उन्हें उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। मोदी ने पदक विजेताओं को बधाई दी और एशियाई खेलों में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। इस बार एशियाई खेलों में भारत ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 15 स्वर्ण, 24 रजत और 30 कांस्य सहित 69 पदक जीते। उन्होंने पदक विजेताओं से कहा कि उनके प्रदर्शन से भारत का गौरव बढ़ा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि पदक विजेता प्रसिद्धि और पुरस्कारों की चकाचौंध में नहीं खोएंगे और अपना पूरा ध्यान उत्कृष्टता पर लगाएंगे।
 
प्रतिभा को निखारना जारी रखेंगे
मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से आग्रह किया कि वे अपने प्रदर्शन को सुधारने के लिए प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को तकनीकी मदद से अपने प्रदर्शन का आकलन करना चाहिए। उन्हें विश्व के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के प्रदर्शन से भी सीखना चाहिए। मोदी ने इस बात पर खुशी जाहिर की कि छोटे शहरों, ग्रामीण इलाकों और गरीब पृष्ठभूमि वाले युवा प्रतिभाशाली आगे बढ़ रहे हैं तथा देश के लिए पदक जीत रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में असली क्षमता मौजूद है और हमें इस प्रतिभा को निखारना जारी रखना होगा। उन्होंने कहा कि बाहरी दुनिया इस बात से अनभिज्ञ है कि एक खिलाड़ी को रोज कितना संघर्ष करना पड़ता है।
 
खिलाड़ियों के अनुशासन, समर्पण और साहस को सलाम
देश के लिए पदक जीतने के क्रम में जिन खिलाड़ियों को तमाम कठिनाइयों से गुजरना पड़ा। प्रधानमंत्री उनका उल्लेख करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने ऐसे खिलाड़यिों के अनुशासन, समर्पण और साहस को सलाम किया। उन्होंने आशा व्यक्त कि देश इन खिलाड़यिों के प्रयासों से प्रेरणा लेगा। प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से आग्रह किया कि वे पुरस्कार प्राप्त करने के बाद शिथिल न हो जायें।
 
उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि वे और गौरव प्राप्त करने के लिए और मेहनत करें। उन्होंने कहा कि पदक विजताओं के लिए सबसे बड़ी चुनौती अब शुरू हो रही है और उन्हें ओलम्पिक खेलों के लक्ष्य पर से नजर नहीं हटानी चाहिए। इस अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि पदक तालिका में जो सुधार आया है और युवा खिलाड़ियों की प्रेरणा के पीछे प्रधानमंत्री के विजन तथा सरकार की पहल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »