28 Mar 2024, 17:48:37 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

महाबली सतपाल ने पहलवानों को नए साल पर दी शुभकामनायें

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Dec 31 2019 8:53PM | Updated Date: Dec 31 2019 8:53PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। पद्मभूषण से सम्मानित महाबली सतपाल ने भारतीय पहलवानों को नए साल की शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई है कि पहलवान 2020 में होने वाले टोक्यो ओलम्पिक में देश का इस खेल में स्वर्ण पदक जीतने का सपना पूरा करेंगे। देश के जाने-माने द्रोणाचार्य अवार्डी कुश्ती कोच सतपाल ने मंगलवार को कहा, ‘‘मैं सभी भारतीय पहलवानों को नए साल के लिए अपनी शुभकामनाएं देता हूं कि वे 2020 में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखें और टोक्यो ओलम्पिक में देश के लिए कुश्ती में स्वर्ण पदक जीतें। मैं भारतीय कुश्ती महासंघ के साथ लगातार मेहनत कर रहा हूं कि भारतीय पहलवान लगातार चौथे ओलम्पिक में पदक जीते। मैं पिछले 52 वर्षों से इसी कोशिश में लगा हूं।

मेरे शिष्यों ने कुश्ती में ओलम्पिक पदक जीतने का सपना पूरा किया है और मुझे पूरी उम्मीद है कि इस बार टोक्यो में स्वर्ण पदक जीतने का सपना पूरा होगा। मेरे शिष्य सुशील कुमार, दीपक पुनिया और रवि दहिया इस सपने को पूरा करेंगे।’’ सतपाल के शिष्य और जूनियर विश्व चैंपियन पहलवान दीपक ने कजाखस्तान के नूर सुलतान में विश्व कुश्ती प्रतियोगिता के 86 किग्रा फ्रीस्टाइल ओलंपिक वजन वर्ग मुकाबले में रजत पदक जीता था जबकि रवि ने 57 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में कांस्य पदक जीता था। विश्व चैंपियनशिप से दीपक और रवि के अलावा बजरंग पुनिया ने 65 किग्रा फ्रीस्टाइल और महिला पहलवान विनेश फोगाट ने 53 किग्रा वर्ग में देश को ओलंपिक कोटा दिलाया था।

बजरंग और विनेश ने अपने-अपने वजन वर्गों में कांस्य पदक जीते थे। दीपक ने जूनियर विश्व चैंपियनशिप में देश को 18 साल बाद स्वर्ण पदक दिलाया था। दो बार के ओलम्पिक पदक विजेता पहलवान सुशील हालांकि विश्व चैंपियनशिप में निराश कर गए लेकिन सतपाल के अनुसार सुशील नए साल के लिए पूरी तरह तैयार हैं कि वह 74 किग्रा फ्रीस्टाइल  वर्ग में कोटा हासिल करें और टोक्यो में स्वर्ण पदक जीतें। विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाले पहलवान दीपक पुनिया और विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली विनेश फोगाट को हाल में रेसलिंग टीवी की तरफ से आयोजित एक ऑनलाइन पोल में प्रशंसकों द्वारा सर्वश्रेष्ठ पहलवान के रूप में चुना गया था।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »