19 Apr 2024, 08:19:31 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

भारत राही को गोल्ड और ओलम्पिक कोटा, सौरभ का विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण

By Dabangdunia News Service | Publish Date: May 28 2019 12:30AM | Updated Date: May 28 2019 12:30AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। भारत की राही सरनोबत ने जर्मनी के म्यूनिख में चल रहे वर्ष के तीसरे आईएसएसएफ निशानेबाजी विश्वकप में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए सोमवार को महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में ओलम्पिक कोटा हासिल करने साथ स्वर्ण पदक जीत लिया जबकि 17 वर्षीय युवा निशानेबाज सौरभ चौधरी ने पुरूषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड तोड़ते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। एशियाई खेलों की चैंपियन सरनोबत ने इस तरह देश को अगले साल होने वाले टोक्यो ओलम्पिक के लिए छठा कोटा दिला दिया। सरनोबत ने फाइनल में सधे हुए निशाने लगाते हुए 37 अंकों के साथ स्वर्ण जीता।
 
इस स्पर्धा में एक अन्य भारतीय मनु भाकर को सातवीं सीरीज में अपनी पिस्टल की गड़बड़ी का नुकसान उठाना पड़ा और वह पांचवें स्थान पर रहते हुए बाहर हो गयीं जबकि इससे पहले छठी सीरीज तक वह कोटा हासिल करने की होड़ में बनी हुई थीं। इस स्पर्धा में एक अन्य भारतीय चिकि यादव को 56वां स्थान मिला। युवा निशानेबाज सौरभ ने फाइनल में अपने ही 245 के विश्व रिकार्ड स्कोर को तोड़ते हुये 10 मीटर एयर पिस्टल वर्ग में नये 246।3 के स्कोर के साथ पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीत लिया।
 
इससे पहले रविवार को महिला निशानेबाज अपूर्वी चंदीला ने भारत को स्वर्ण पदक दिलाया था। सौरभ इससे पहले युवा ओलंपिक-2018 में स्वर्ण पदक और 2018 के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। उनके नाम 10 मीटर एयर पिस्टल में सीनियर और जूनियर दोनों वर्गों का विश्व रिकार्ड भी दर्ज है। इस स्पर्धा में अन्य भारतीय शहजार रिजवी पांचवें और अभिषेक वर्मा 32वें स्थान पर रहे। पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में चैन सिंह 41वें और पारुल कुमार 52वें स्थान पर हैं। भारत तीन स्वर्ण के साथ पदक तालिका में सबसे आगे है जबकि चीन एक स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक के साथ दूसरे स्थान पर है।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »