नई दिल्ली। सरकारी तेल कंपनियों ने आम जनता को बड़ी राहत देते हुए रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी कटौती की है। देश की सबसे बड़ी तेल मार्केटिंग कंपनी इंडियन आॅयल ने बिना सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर को 133 रुपए सस्ता कर दिया है।
वहीं सब्सिडी वाले सिलेंडर के दाम में 6.52 रुपए की कटौती की गई है। नया रेट 30 नवंबर-1 दिसंबर की मध्य रात्रि से पूरे देश में लागू होगा। इस साल मई के बाद यह पहला मौका है जब रसोई गैस के दाम घटाए गए हैं।
इस बीच सात बार कीमतों में वृद्धि की गई थी। नवंबर में दो बार रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए। इंडियन आॅयल ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और डॉलर के मुकाबले रुपए के विनिमय दर में सुधार से कीमतों में कटौती की गई है।