न्यूयॉर्क। करोड़ों लोगों का डाटा लीक करने के आरोपों का सामना कर रही ब्रिटिश मार्केटिंग एनालिटिक्स फर्म कैंब्रिज एनालिटिका ने दिवालिया होने की घोषणा की है। फर्म ने स्वैच्छिक रूप अध्याय 7 के तहत न्यूयॉर्क की एक कोर्ट में यह घोषणा की। कैंब्रिज एनालिटिका के वकील के मुताबिक, कंपनी ने मई की शुरूआत में घोषणा कर दी थी कि अब कंपनी अपना काम बंद करने जा रही है।
पिछले दिनों फेसबुक डाटा लीक मामले में कैंब्रिज एनालिटिका का नाम सामने आया था, जिसके बाद कंपनी पर डाटा बेचने के गंभीर आरोप लगे थे। इस पर कंपनी की हर ओर आलोचना हुई थी। कंपनी ने लंदन में अपने काम को बंद करते हुए माना भी था कि उसे नकारात्मक मीडिया कवरेज के चलते ऐसा करना पड़ रहा है।
भारत में भी लगे एनालिटिका पर आरोप
कैंब्रिज एनालिटिका पर भारत में भी डाटा चोरी और बेचने के आरोप लगे। इसके बाद भारत सरकार ने नोटिस भेजकर जवाब भी मांगा। आरोप है कि कैंब्रिज एनालिटिका ने भारत के कुछ राजनीतिक दलों के लिए आंकड़े जुटाए, जिससे कि उन्हें चुनाव जीतने और मतदाताओं को लामबंद करने में मदद मिली।