19 Apr 2024, 09:50:33 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Business

सोना चमका, चांदी भी उछली, इतने बढ़े दाम

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Apr 11 2018 5:07PM | Updated Date: Apr 11 2018 5:07PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रही तेजी के बीच आभूषण निर्माताओं की मांग आने से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना लगातार चौथे दिन बढ़त बनाता हुआ बुधवार को 300 रुपए चमककर 31,850 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। औद्योगिकी मांग बढ़ने से चाँदी भी 260 रुपए की छलांग लगाकर 39,760 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गयी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में लंदन का सोना हाजिर 3.30 डॉलर की बढ़त में 1,347.80 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। जून का अमेरिकी सोना वायदा भी 1.90 डॉलर की बढ़त में 1,347.80 डॉलर प्रति औंस बोला गया। चांदी में 0.01 डॉलर की गिरावट रही और यह 16.54 डॉलर प्रति औंस बोली गयी। कारोबारियों के मुताबिक दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर के दो सप्ताह के निचले स्तर पर आने से वैश्विक स्तर पर पीली धातु की चमक तेज हुई है। स्थानीय बाजार में सर्राफा कारोबारियों की मांग बढ़ी है। कुछ ही दिनों में यहां वैवाहिक मौसम शुरू होने वाला है और उससे पहले सर्राफा कारोबारी अपना स्टॉक बढ़ा रहे हैं। वैश्विक तेजी के बीच घरेलू मांग रहने से सोना स्टैंडर्ड 300 रुपए चमककर 31,850 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुँच गया। सोना बिटुर भी इतनी ही मजबूती के साथ 31,700 रुपए प्रति दस ग्राम बोला गया। आठ ग्राम वाली गिन्नी हालांकि 24,800 रुपए पर टिकी रही।

चाँदी हाजिर भी 260 रुपए की तेजी में 39,760 रुपए और चाँदी वायदा 260 रुपए की बढ़त के साथ 38,780 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गयी। सिक्का लिवाली और बिकवाली गत दिवस के क्रमश: 74 हजार और 75 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहे।

 

दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना-चांदी के दाम (रुपए में):-

सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 31,850

सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम  : 31,700

चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम: 39,760

चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 38,780

सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 74,000

सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा :75,000

गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,800

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »