28 Mar 2024, 18:14:27 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Business

सोना सप्ताह, चांदी एक माह के निचले स्तर पर, जानिये भाव

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Mar 16 2018 2:40PM | Updated Date: Mar 16 2018 2:40PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। आभूषण निर्माताओं की ओर से ग्राहकी उतरने से शुक्रवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 100 रुपए लुढ़ककर एक सप्ताह के निचले स्तर 31,350 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। चांदी भी 150 रुपए की गिरावट में एक माह के निचले स्तर 39,250 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही। सोने-चांदी में लगातार दूसरे दिन गिरावट देखी गई है। विदेशी बाजारों में पीली धातु में रही तेजी भी स्थानीय बाजार में इन्हें संभाल नहीं सकी। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सोना हाजिर 3.10 डॉलर बढ़कर 1,318.50 डॉलर प्रति औंस पर पहुँच गया। अप्रैल का अमेरिकी सोना वायदा हालांकि 2.50 डॉलर प्रति औंस फिसलकर 1,323.10 डॉलर प्रति औंस बोला गया। दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के कमजोर पड़ने से आज वैश्विक स्तर पर सोने में तेजी रही। लेकिन, अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा अगले सप्ताह ब्याज दरों में वृद्धि लगभग तय होने के कारण वायदा कारोबार में पीली धातु पर दबाव है। विदेशों में चांदी हाजिर भी 0.07 डॉलर की बढ़त में 16.44 डॉलर प्रति औंस पर रही। जेवराती माँग कमजोर रहने से स्थानीय बाजार में सोना लगातार दूसरे दिन कमजोर हुआ। सोना स्टैंडर्ड 100 रुपए टूटकर 31,350 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। यह 09 मार्च के बाद का इसका निचला स्तर है। सोना बिटुर इतनी ही गिरावट के साथ 31,200 रुपए प्रति दस ग्राम बोला गया। आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,800 रुपए पर स्थिर रही। चांदी में भी दूसरे दिन नरमी रही। चांदी हाजिर 150 रुपए फिसलकर 14 फरवरी के बाद के निचले स्तर 39,250 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। चांदी वायदा में 230 रुपए की गिरावट रही और यह 38,560 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। चांदी की गिरावट से सिक्कों की चमक भी फीकी पड़ी। सिक्का लिवाली और बिकवाली एक-एक हजार रुपए टूटकर क्रमश: 73 हजार और 74 हजार रुपए प्रति सैकड़ा के भाव बिके।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »