नई दिल्ली। निर्यात कारोबारियों के संगठन भारतीय निर्यातक संगठन (फियो) ने विश्व बैंक कारोबारी सुगमता सूची 2020 में भारत के 63 वें स्थान पर संतोष प्रकट करते हुए कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था सही राह पर है और नियत समय पर शीर्ष 50 देशों में शामिल होने का लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा। फियो के अध्यक्ष शरद कुमार सराफ ने बृहस्पतिवार को यहां कहा कि कारोबारी सुगमता में भारत लगातार सुधार कर रहा है। यह सुधार आर्थिक गतिविधियों में पारदर्शिता और सरलता के लिए लगातार प्रयास किये हैं।
सरकार का ध्यान आर्थिक एवं प्रशासनिक सुधारों पर है। सरकार के आर्थिक एवं प्रशासनिक सुधार लागू करने के लगातार प्रयासों से कारोबारी सुगमता (ईज ऑफ डूइंग बिजनेस) में भारत 14 अंकों की छलांग लगाते हुए 190 देशों की सूची में 63 वें स्थान पर पहुंच गया है। पिछले साल की सूची में भारत 77 वें स्थान पर था। कारोबार के अनुकूल माहौल बनाने वाले देशों की सूची ‘विश्व बैंक ईज ऑफ डूइंग बिजनेस 2020’ में भारतीय अर्थव्यवस्था लगातार तीसरे साल सबसे तेज गति से बढ़ने वाली 10 अर्थव्यवस्थाओं में बनी हुई है।