नई दिल्ली। कांग्रेस, तेलुगुदेशम् पार्टी (तेदेपा), अन्नाद्रमुक और शिवसेना के सदस्यों के अलग-अलग मुद्दों पर हंगामे के कारण लोकसभा में आज कोई कामकाज नहीं हो सका और सदन की कार्यवाही दिनभर के स्थगित कर दी गई। एक बार के स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे जैसे ही सदन समवेत हुआ कांग्रेस, अन्नाद्रमुक, तेदेपा और शिवसेना के सदस्य हाथों में तख्तियां लेकर आसन के आसपास जमा हो गये और नारेबाजी करने लगे। कांग्रेस के सदस्य राफेल विमानों की खरीद सौदे की जांच की मागं कर रहे थे। उन्होंने हाथों में तख्तियां रखीं थीं जिन पर लिखा था - ये सरकार सूटबूट की, जुमला झाँसा और राफेल लूट की।
सरकार में सहयोगी दल शिवसेना के सदस्य राम मंदिर के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए ‘हर हिंदू की यही पुकार, पहले मंदिर फिर सरकार के नारे लगा रहे थे। उन्होंने भी हाथों में अपनी मांगों की तख्तियां ली हुई थीं। अन्नाद्रमुक के सदस्य कावेरी जल बंटवारे और किसानों के मुद्दे को लेकर हंगामा कर रहे थे। उनकी तख्यतियों पर ‘‘तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा करो’’ के नारे लिखे हुए थे। तेदेपा के सदस्य आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य देने और आंध्र प्रदेश पुनर्गठन कानून के अनुरूप वहां विकास कार्य करने की मांग कर रहे थे।