लखनऊ। भगवान हनुमान की जाति को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस विवाद में अब बीजेपी की सांसद सावित्री बाई फूले भी कूद पड़ी हैं। बहराइच से सांसद फूले ने कहा कि हनुमान जी दलित और मनुवादियों के गुलाम थे। इतना ही नहीं उन्होंने यहां तक कह डाला कि अगर भगवान राम में शक्ति होती तो अयोध्या में मंदिर बन गया होता। सावित्री बाई ने भगवान राम को मनुवादी बताया और कहा कि हनुमान मनुवादी लोगों के गुलाम थे।
उन्होंने कहा कि अगर वह दलित नहीं थे तो उन्हें इंसान क्यों नहीं बनाया गया? उन्हें बंदर क्यों बनाया गया? उनका मुंह क्यों काला किया गया...? उन्होंने कहा ऐसा इसलिए किया गया क्यों कि वह दलित थे। अगर लोग कहते हैं कि भगवान राम हैं और उनका बेड़ा पार कराने का काम हनुमान जी ने किया था। उनमें अगर शक्ति थी तो जिन लोगों ने उनका बेड़ा पार कराने का काम किया, उन्हें बंदर क्यों बना दिया? उनको तो इंसान बनाना चाहिए था लेकिन इंसान ना बनाकर उन्हें बंदर बना दिया गया। उनको पूंछ लगा दी गई. वो दलित थे इसलिए उस समय भी उनका अपमान किया गया। यह सब भगवान राम ने किया।