न्यू यॉर्क। अमेरिका के टेक्सास जेल में पिछले कई हफ्तों से करीब-करीब हर दिन भारी सुरक्षा के बीच व्हीलचेयर पर बैठा एक शख्स इंटरव्यू रूम में पहुंचता है, जहां वह जांचकर्ताओं को अपने खौफनाक अपराध की कहानियां बताता है। बाल सफेद हो चुके हैं, चेहरे पर झुर्रियां दिख रही हैं, डायबिटीज और दिल के रोग की वजह से उसका शरीर कमजोर हो चुका है, लेकिन उसकी करतूतें सुन कोई भी सिहर जाता है। किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाते हैं।
नाइट क्लब, बार और सड़कों पर खोजता था शिकार
अधिकारी बताते हैं कि हर दिन वह अपने जुर्म की दास्तां को याद करता है। सालों पहले की गई हत्याओं के बारे में बताता है। वह बताता है कि किस तरह वह बार, नाइट क्लबों और सड़कों से आसान शिकार लगने वाली महिलाओं को चुनता था और अपनी कार की पिछली सीट पर उनका गला घोंटकर बेरहमी से मार देता था।
साल-दर-साल करता रहा हत्याएं, किसी को शक तक नहीं हुआ
एक सीरियल किलर कई सालों से एक के बाद एक कई हत्याएं करता जा रहा था लेकिन किसी को कोई शक नहीं हुआ कि इन हत्याओं में एक जैसा पैटर्न है। यह बात चौंकाने वाली है, परेशान करने वाली है। हालांकि, यह भी एक तथ्य है कि सबसे प्रभावशाली और तेजतर्रार पुलिस भी हत्याओं के सिर्फ तीन चौथाई मामलों की गुत्थी ही सुलझा पाती है। इसका मतलब है कि हर साल हजारों हत्यारे कानून की जद में आने से बच जाते हैं।
ऐसे आया पकड़ में
डीएनए से जुड़े सबूतों की वजह से लिटल कानून के फंदे में आया। 2012 में डिटेक्टिव मार्सिया और उनके पार्टनर डिटेक्टिव मिट्जी रॉबर्ट्स ने लॉस एंजिलिस की दो महिलाओं की हत्या के मामले में डीएनए सबूत इकट्ठे किए, जो लिटल के डीएनए से मैच हुए। इसके बाद, दोनों ने उसे केंटकी स्थित बेघरों के एक शेल्टर होम में उसे ट्रैक किया। कई सालों से इकट्ठे किए गए डीएनए सबूतों ने लिटल के कई महिलाओं की हत्याओं से तार जोड़ा। फिर, इस साल जेम्स हॉलैंड नाम के टेक्सस के एक रैंजर ने लॉस एंजिलिस काउंटी प्रिजन में लिटल से मुलाकात की। वह लिटल का विश्वास जीतने में कामयाब हुए और उसने अपने गुनाहों को कबूल किया। लिटल रोज नए-नए केस की जानकारी देने लगा।
तड़पा-तड़पाकर लेता था जान
फ्लॉरिडा के एक जांचकर्ता बताते हैं कि वह गला घोंटकर मारने से पहले महिलाओं को बर्बर तरीके से पीटता था। सैमुअल लिटल बॉक्सर रह चुका था। वह इतनी ताकत से पंच मारता था कि महिलाओं की रीढ़ की हड्डी टूट जाती थी। आॅटोप्सी रिपोर्ट से यह खुलासा हुआ। लिटल ने जांचकर्ताओं को अपनी मां के बारे में जो कुछ बताया है, उससे लगता है कि उसकी मां भी अपराध की दुनिया में सक्रिय थी।
अमेरिकी इतिहास का सबसे खतरनाक सीरियल किलर
टेक्सास स्थित इक्टर कंट्री के डिस्ट्रिक्ट अटार्नी बॉबी ब्लैंड कहते हैं, समय के साथ हम सब मामलों में सबूत खोज लेंगे। उसके बाद हमें उम्मीद है कि सैमुअल लिटल को अमेरिकी इतिहास के सबसे खतरनाक, दुर्दांत सीरियल किलरों में से एक घोषित किया जाएगा। इसी साल गर्मियों में 1994 में हुई हत्या के एक अन्य मामले में टेक्सास की एक ग्रैंड जूरी ने लिटल को दोषी ठहराया था।
कबूल चुका है 90 से ज्यादा मर्डर
इस शख्स का नाम है सैमुअल लिटल। उम्र 78 साल। जांचकर्ता बताते हैं कि इसने कबूल किया है कि करीब 25 से 50 साल पहले अलग-अलग वक्त पर 90 से ज्यादा हत्याएं की थीं। 1980 के दशक के दौरान लॉस एंजिलिस में 3 महिलाओं की हत्या के जुर्म में लिटल पहले ही 3-3 उम्रकैद की सजा काट रहा है। हालांकि, अधिकारियों को शक है कि उसने कम से कम 14 राज्यों में महिलाओं की हत्या की थी। जांचकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने करीब 30 हत्याओं में लिटल के हाथ होने के पुख्ता सबूत जुटा लिया है और उसके कबूलनामे पर शक करने का उन्हें कोई कारण नजर नहीं आता।