बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा के सरकार बनाने मे पेंच फंसता नजर आ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जादू के बल पर वह सबसे आगे चल रही है लेकिन उसे स्पष्ट बहुमत मिलता नहीं दिख रहा है। चुनाव आयोग के नवीनतम परिणामों तथा रूझानों के अनुसार भाजपा बहुमत के आंकड़े 112 से आठ सीट पीछे है। पार्टी ने अब तक 76 सीटों पर जीत हासिल की है जबकि 28 सीटों पर आगे चल रही है। इस प्रकार उसे कुल 104 सीटें मिलती नजर आ रही है।
कांग्रेस अब तक 46 सीटें जीत चुकी है और 32 सीटों पर आगे है। इस तरह पार्टी को कुल 78 सीटें मिलती नजर आ रही है। कांग्रेस ने भाजपा को रोकने के लिए जनता दल (सेक्यूलर) एच डी कुमारस्वामी को मुख्यमंत्री के लिए समर्थन देने की घोषणा की है। जनता दल (एस) को 23 सीटों पर जीत मिल चुकी है और पार्टी 14 सीटों पर आगे है। इस तरह से पार्टी को कुल 73 सीटें मिलती नजर आ रही है।
बहुजन समाजवादी पार्टी और केपीजेपी को एक-एक सीट पर जीत मिली है। एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे है। भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बी एस येद्दियुरप्पा शिकारीपुर से चुनाव जीत गए हैं जबकि मुख्यमंत्री सिद्दारामैया बदामी से 1696 मतों से विजयी हुए हैं लेकिन चामुंडेश्वरी से 36042 मतों के भारी अंतर से चुनाव हार गए हैं।