नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज यहां द्वीप विकास एजेन्सी की छठी बैठक में द्वीपों के समग्र विकास कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की। एजेन्सी के दिशानिर्देशों के तहत देश में पहली बार निर्धारित द्वीपों में सतत विकास की पहल की गयी है। पहले चरण में अंडमान और निकोबार के चार द्वीपों तथा लक्ष्यद्वीप के पांच द्वीपों में स्थानीय लोगों के लिए पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार पैदा करने तथा समुद्री खाद्य पदार्थों और नारियल उत्पादों को बढावा देने की योजना है।
दूसरे चरण में अंडमान निकोबार की 12 जगहों और लक्ष्यद्वीप की पांच अन्य जगहों को चुना गया है। बैठक में नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने मौजूदा परियोजनाओं की स्थिति के बारे में एक प्रेजेन्टेशन भी दिया। गृह मंत्री ने इन परियोजनाओं की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और सभी संबंधित विभागों से इनके काम में तेजी लाने को कहा। अंडमान निकोबार के उप राज्यपाल ,लक्ष्यद्वीप के प्रशासक, नीति आयोग के सीईओ और विभिन्न मंत्रालयों के सचिवों तथा अन्य अधिकारियों ने बैठक में हिस्सा लिया।