कोलकाता। आरोपियों ने खुद को सीबीआई का अधिकारी बताकर खिलौने वाले बंदूक की नोक पर मणिपुर के सीएम के भाई को किडनैप कर लिया। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बिरेन सिंह के भाई तोंगब्राम लुखोई सिंह के अपार्टमेंट में घुस गए और उनका अपहरण कर लिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। हालांकि पुलिस ने कुछ ही घंटे में उन्हें मुक्त करा लिया और पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिनमें दो मणिपुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने शनिवार को बताया, 'शुक्रवार को पांच लोग खिलौने वाली बंदूक लेकर यहां न्यू टाऊन इलाके में सिंह के किराये के मकान में घुस गए और उन्हें व उनके एक सहयोगी को वहां से अगवा कर लिया। बाद में आरोपियों ने सिंह की पत्नी को फोन किया और 15 लाख रुपए की फिरौती मांगी।' एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार सिंह की पत्नी की शिकायत पर पुलिस हरकत में आई। उसने शुक्रवार शाम को ही दोनों को मुक्त कराया और मध्य कोलकाता के बनियापुकुर से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पांच आरोपियों में दो मणिपुर के, दो कोलकाता के और एक पंजाब के हैं। पुलिस को बेनियापुकुर में आरोपियों के ठिकाने पर छापे के दौरान उनके पास से दो वाहन और तीन खिलौने वाली बंदूक और दो लाख रुपए नकद मिले।