वेलिंगटन। न्यूजीलैंड के केरमाडेक द्वीप पर रविवार को दूसरी बार भूकंप के तेज झटके महसूस किये गये। न्यूजीलैंड के नागरिक रक्षा एवं आपात प्रबंधन मंत्रालय (एमसीडीईएम) के मुताबिक स्थानीय समयानुसार इस क्षेत्र में अपराह्न करीब साढ़े पांच बजे दूसरी बार भूकंप के झटके महसूस किये गये। भूकंप का केन्द्र जमीन की सतह से 35 किलोमीटर की गहराई में था। एमसीडीईएम के अनुसार इस भूकंप के कारण सुनामी का कोई खतरा नहीं है। भूकंप को लेकर कोई चिंता की बात नहीं है।
एमसीडीईएम के सूत्रों ने कहा, ‘‘ केरमाडेक द्वीप क्षेत्र में 6.6 की तीव्रता वाले भूकंप की के बाद न्यूजीलैंड में सुनामी का कोई खतरा नहीं है।’’ न्यूजीलैंड से पूर्वोत्तर में करीब एक हजार दूर केरमाडेक द्वीप है। इस दूरदराज के इलाके का रखरखाव न्यूजीलैंड का संरक्षण विभाग करता है। इस द्वीप पर विशेष अनुमति के बाद ही कोई जा सकता है।