नई दिल्ली। मानसून ने 1 हफ्ते की देरी के बाद शनिवार को केरल तट पर दस्तक दे दी, जिसके बाद केरल के तटीय इलाकों में अच्छी मात्रा में मानसून की पहली बारिश दर्ज की गई है। केरल से आगे बढ़कर अब मानसून दूसरे शहरों की ओर बढ़ रहा है। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भी कल झमाझम बारिश हुई है। जिससे तापमान में गिरावट आई है, हालांकि अभी वहां मानसून 14-15 के बीच में पहुंचेगा, जबकि ओडिशा में मानसून लेट है।
केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के दस्तक देने के बाद लगातार भारी बारिश हो रही है। अब भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने तटीय इलाकों में खराब मौसम और तेज बारिश की आशंका के चलते 13 जून तक मछुआरों को समुद्र में ना जाने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने कहा है कि निम्न दबाव का क्षेत्र दक्षिण-पूर्व अरब सागर और उससे सटे लक्षद्वीप क्षेत्र और पूर्व-मध्य अरब सागर पर चक्रवात के प्रभाव में बना हुआ है। जिसके चलते 12 जून को उत्तरी मलप्पुरम और कोझीकोड में कुछ स्थानों पर भारी से भारी बारिश होने की आशंका है।
मानसून से पहले कई राज्यों में हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। रविवार को महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई लेकिन यूपी-बिहार के लोग अभी भी गर्मी से त्रस्त हैं और आकाश की ओर टकटकी लगाकर केवल बारिश का इंतजार कर रहे हैं।
दिल्ली वालों को जहां मानसून के लिए 1 जुलाई तक का इंतजार करना पड़ेगा, वहीं दूसरी ओर वहां भीषण गर्मी ने आतंक फैला रखा है, और इसी वजह से उसने दिल्ली और एनसीआर में भीषण गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक दिल्ली एनसीआर में आज अधिकतम तापमान करीब 46 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ने का अनुमान है। बुधवार और गुरुवार के लिए भी दिल्ली में भीषण गर्मी का येलो अलर्ट जारी किया है।