29 Mar 2024, 03:03:54 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

लोकसभा चुनाव 2019: दूसरे चरण में 12 राज्यों की 95 सीटों के लिए मतदान जारी

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Apr 18 2019 9:58AM | Updated Date: Apr 18 2019 9:58AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 के दूसरे चरण में 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 95 सीटों के लिए मतदान गुरुवार सुबह शुरू हो गया। दूसरे चरण में तमिलनाडु की सभी 39 में से 38 लोकसभा सीटों के साथ राज्य की 18 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। इसके अलावा बिहार की 40 में से पांच, जम्मू कश्मीर की छह में से दो, उत्तर प्रदेश की 80 में से आठ, कर्नाटक की 28 में से 14, महाराष्ट्र की 48 में से 10 और पश्चिम बंगाल की 42 में से तीन सीटों पर मतदान जारी है। इस चरण में असम और ओडिशा की पांच पांच सीटों पर भी मतदान हो रहा है।
 
बता दें कि दूसरे चरण के मतदान के लिये यूं तो 19 मार्च को जारी की गयी अधिसूचना के अनुसार 13 राज्यों की 97 सीटों पर मतदान होना था, लेकिन हाल ही में आयोग द्वारा त्रिपुरा की पूर्वी त्रिपुरा और तमिलनाडु की वेल्लोर सीट पर मतदान स्थगित किये जाने के कारण गुरुवार को 11 राज्य और एक केंद्र शासित प्रदेश की 95 सीटों पर मतदान हो रहा है। आपको बता दें कि लोकसभा की 543 सीटों के लिये कुल सात चरणों में चुनाव होना है। पहले चरण में 11 अप्रैल को हुये चुनाव में 20 राज्यों की 91 सीटों पर मतदान हो चुका है। मतगणना 23 मई को होगी। 
 
इन सभी सीटों पर सुबह सात बजे से शाम पांच से आठ बजे तक मतदान चलेगा जबकि छत्तीसगढ़ की नक्सल प्रभावित कुछ सीटों पर सुबह सात बजे से दिन में तीन बजे तक और ओडिशा की कुछ सीटों पर सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। इसके अलावा जम्मू कश्मीर की दो सीटों सहित उत्तर प्रदेश एवं बिहार सहित अन्य राज्यों की सभी सीटों पर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। सिर्फ तमिलनाडु की मदुरै सीट पर सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक मतदान चलेगा।
 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए भारी संख्या में मतदान करने की अपील की। पीएम मोदी ने ट्विटर पर लिखा, 'लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए आज मतदान हो रहा है। मुझे यकीन है कि आज जिन सीटों पर मतदान हो रहा है, वहां के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करके हमारे लोकतंत्र को मजबूत करेंगे। मुझे उम्मीद है अधिकतर युवा मतदान केंद्रों पर जाएंगे और मतदान करेंगे!'
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »