19 Apr 2024, 18:39:04 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

पूर्वात्तर, पहाड़ी राज्यों में चुनाव के दिन हल्की बारिश की संभावना

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Apr 10 2019 3:16PM | Updated Date: Apr 10 2019 3:18PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों पर गुरुवार को मतदान होना है। इनमें पूर्वोत्तर तथा पहाड़ी राज्यों में हल्की बारिश की संभावना के साथ मौसम सुहावना बने रहने की उम्मीद है जबकि मैदानी इलाकों में गर्मी मतदाताओं को परेशान कर सकती है। पहले चरण में आँध्र प्रदेश की सभी 25 लोकसभा सीटों पर  मतदान होगा।

इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश की दो, असम की पाँच, बिहार की चार, छत्तीसगढ़ की एक, जम्मू-कश्मीर की दो, महाराष्ट्र की सात, मणिपुर की एक, मेघालय की दो, नगालैंड-मिजोरम की एक-एक, ओडिशा की चार, सिक्किम की एक जबकि तेलंगाना की 17, त्रिपुरा की एक, उत्तर प्रदेश की आठ, उत्तराखंड की पाँच और  पश्चिम बंगाल की दो सीटों पर मतदान होगा।

इसके अलावा अंडमान और लक्षद्वीप  समूह की एक-एक पर मतदान होगा। मौसम पूर्वानुमान जारी करने वाली निजी कंपनी स्काईमेट ने बुधवार को बताया कि देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर-प्रदेश में साफ आसमान के साथ मौसम शुष्क और गर्म बना रहेगा, हालाँकि राज्य के पश्चिमी भागों में एक-दो स्थानों पर धूलभरी आँधी के साथ गर्जना की सम्भावना है।

बिहार का मौसम बहुत गर्म और शुष्क रहेगा, हालांकि आसमान में कभी-कभार बादल दिख सकते हैं जिससे गर्मी से मामूली राहत मिलेगी। राज्य के कटिहार, पूर्णिया और किशनगंज के कुछ  क्षेत्रों में हल्की बारिश की उम्मीद है। महाराष्ट्र में अधिकांश रूप से साफ आसमान के साथ मौसम गर्म और शुष्क बना रहेगा। छत्तीसगढ़ में आसमान साफ  रहने के साथ मौसम गर्म और शुष्क होगा।

यहाँ गर्मी से मतदाता और चुनाव अधिकारियों तथा सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले अधिकारियों को कुछ परेशानी  हो सकती है। ओडिशा में मौसम साफ और शुष्क बने रहने की संभावना है। लेकिन राज्य के तटीय जिलों में मामूली बारिश देखी जा सकती है। तेलंगाना में आसमान साफ रहने के साथ मौसम शुष्क और गर्म बना रहेगा। अंडमान निकोबार द्वीपसमूह और लक्षद्वीप में मौसम शुष्क बना रहेगा। पश्चिम बंगाल में उप-हिमालयी भागों में हल्की बारिश के आसार हैं।

 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »