20 Apr 2024, 11:17:09 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » World

वेनेजुएला में मादुरो के पक्ष और विपक्ष में प्रदर्शन

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Apr 7 2019 12:32PM | Updated Date: Apr 7 2019 12:33PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

काराकस। वेनेजुएला में हजारों लोगों ने शनिवार को मौजूदा राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के पक्ष में रैलियां निकालीं। इसके अलावा स्वयंभू अंतरिम राष्ट्रपति जुआन गुआइदो के समर्थकों ने भी विरोध प्रदर्शन किया। वेनेजुएला की राजधानी काराकस में सरकार के समर्थकों ने सुबह से ही कई इलाकों में एकत्र होना शुरू कर दिया था। प्रदर्शनकारियों ने मादुरो के पक्ष में लिखे हुए पोस्टर लेकर रैलियां निकालकर सरकारी कंपनी कोर्पोइलेक के पक्ष में एकजुटता दिखाई। मादुरो ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘साम्राज्यवाद विरोधी वेनेजुएला को दिखाने के लिए काराकस की सड़कों को खुशी और लोक रंगों से भरें।

शांति और राष्ट्रीय स्वतंत्रता को बचाए रखें। किसी भी हस्तक्षेप को न कहें।’’ गौरतलब है कि वेनेजुएला में मौजूदा राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए अमेरिका ने उस पर कई प्रकार के प्रतिबंध लगाने के अलावा कहा है कि वह सैन्य विकल्प पर विचार कर रहा है। नेशनल असेंबली के अध्यक्ष एवं विपक्ष के नेता जुआन गुआइदो ने 23 जनवरी को इन विरोध प्रदर्शनों का नेतृत्व करने के साथ ही स्वयं को देश का अंतरिम राष्ट्रपति घोषित किया था।

अमेरिका के अलावा अब तक कनाडा, अर्जेंटीना, ब्राजील, चिली, कोलंबिया, कोस्टा रिका, ग्वाटेमाला, होंडुरास, पनामा, पैराग्वे और पेरू समेत 54 देशों ने विपक्ष के नेता जुआन गुआइदो को वेनेजुएला के अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में मान्यता देने की घोषणा की है। उल्लेखनीय है कि वेनेजुएला में हजारों लोग मौजूदा राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इन विरोध प्रदर्शनों का नेतृत्व गुआइदो कर रहे हैं। जनवरी की शुरुआत में मादुरो ने राष्ट्रपति के तौर पर अपने दूसरे कार्यकाल की शपथ ली थी।

हाल में संपन्न हुए चुनावों में उन पर गड़बड़ी करने के आरोप लगे थे। मादुरो के नेतृत्व में कई वर्षों से वेनेजुएला गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। बढ़ती कीमतों के अलावा खाने-पीने और दवाईयों की कमी के कारण लाखों लोगों ने वेनेजुएला से पलायन भी किया है। संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के मुताबिक वेनेजुएला के 27 लाख लोगों ने लैटिन अमेरिकी और कैरेबियाई देशों में शरण ली हुई है। 

 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »