जालधंर। उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने सोमवार को कहा कि भारत को विश्व गुरु की भूमिका फिर दिलाने में निजी क्षेत्र की भूमिका अहम रहेगी। नायडू ने यहां लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के आठवें वार्षिक दीक्षांत समारोह में कहा," किसी भी राष्ट्र के सामाजिक और आर्थिक बदलाव के लिए शिक्षा मुख्य स्रोत होती है और यह समाज में ज्ञान बढ़ाने के लिए नींव का काम करती है।
संस्थानों को विद्यार्थियों को विश्लेषणकर्ता तथा कौशल और नवीनता भरी सोच वाला नागरिक बनाना चाहिए। श्री नायडू ने कहा कि उच्च शिक्षा का मुख्य उद्देश्य भारत के प्राचीन गौरव को पुन: स्थापित करना है। भारत को कभी विश्व गुरु के रूप में जाना जाता था और यहां की यूनिवर्सिटी श्रेष्ठता का केंद्र होती थीं। भारत के विश्व गुरु के गौरव को पुन: प्राप्त करने के लिए निजी क्षेत्र को अहम भूमिका निभानी होगी।