नई दिल्ली। सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत आज से छह दिन की यात्रा पर रूस जा रहे हैं जहां वह दोनों देशों के बीच रक्षा संबंधों को मजबूत बनाने और परस्पर सहयोग बढाने के बारे में चर्चा करेंगे। जनरल रावत छह अक्टूबर तक की यात्रा के दौरान रूस की सशस्त्र सेनाओं के अनेक वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। दोनों पक्षों के बीच शिष्टमंडल स्तर की वार्ता भी होगी। साथ ही भारतीय शिष्टमंडल रूस के कई महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों और प्रतिष्ठानों का भी दौरा करेगा। वह सेंट पीटर्सबर्ग स्थित मिखाइलोवस्कया आर्टिलरी एकेडमी, जनरल स्टाफ एकेडमी और मास्को में मोटराइज्ड रायफल डिविजन भी जायेंगे। इस यात्रा से दोनों देशों की सामरिक भागीदारी मजबूत होगी और दोनों सेनाओं के बीच सैन्य सहयोग बढने की उम्मीद है।