नई दिल्ली। श्रीलंका की संसद के एक शिष्टमंडल ने स्पीकर कारू जयसूर्या के नेतृत्व में आज यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। शिष्टमंडल में श्रीलंका के विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसद शामिल हैं। शिष्टमंडल ने दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक संबंधों , समान आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहर का उल्लेख किया और हाल के वर्षों में संबंधों के और मजबूत होने की सराहना की।
उन्होंने श्रीलंका में भारत के सहयोग से चलायी जा रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की चर्चा करते हुए इनके फायदों पर भी बात की। उन्होंने इस बात पर सहमति जतायी कि संयुक्त आर्थिक परियोजनाओं के तेजी से क्रियान्वयन से दोनों देशों के लोगों और अर्थव्यवस्था को फायदा पहुंचेगा।
मोदी ने शिष्टमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया और आदान प्रदान के इस तरह के कार्यक्रमों पर बल दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की विधानसभाओं और स्थानीय निकायों के बीच संबंधों को मजबूत बनाने से दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क और परस्पर विश्वास भी बढेगा।