नई दिल्ली। उत्तराखंड के टिहरी और पौड़ी में शुक्रवार बादल फटने की घटना सामने आई है। किसी के हताहत होने की खबर अभी नहीं है। वहीं, देर शाम दिल्ली और एनसीआर में धूलभरी आंधी चली। उधर, पंजाब में भी मौसम में बदलाव देखने को मिला। चंडीगढ़ में दिन में अंधेरा छा गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
हिमाचल प्रदेश में तेज आंधी-तूफान से पारे में कमी दर्ज की गई। शिमला, चंबा, कांगड़ा, बैजनाथ समेत कई स्थानों पर बारिश हुई। बैजनाथ में सबसे ज्यादा 48 मिलीमीटर बारिश हुई। ऊना में सबसे ज्यादा 40 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, यहां 2.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की और कहीं तेज बारिश हुई। फैजाबाद, इलाहाबाद, गोरखपुर, लखनऊ, वाराणसी और मुरादाबाद में सामान्य से कम तापमान दर्ज किया गया। फतेहगढ़ सबसे गर्म रहा, जहां 44.3 डिग्री पारा रिकॉर्ड हुआ, ये सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा था।
राजस्थान के 3 शहरों में पारा 49 डिग्री पार
शुक्रवार को उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। हालांकि, दिल्ली और राजस्थान को गर्मी से राहत नहीं मिली। दिल्ली में 42 डिग्री तापमान और राजस्थान के चुरू में 49.7 डिग्री पारा दर्ज किया गया। चुरु में तापमान सामान्य से 8 डिग्री ज्यादा था। श्री गंगानगर में 49.1, बीकानेर में 49.7, जैसलमेर में 46.7 और पिलानी में 46.1 डिग्री दर्ज किया गया। खराब मौसम में अब तक 180 से ज्यादा लोगों की हुई मौत उत्तर भारत में पिछले 1 महीने से मौसम के मिजाज में तेजी से बदलाव देखा गया है।
2 और 3 मई को उत्तर प्रदेश और राजस्थान में आंधी-तूफान के चलते 130 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। इसमें सबसे ज्यादा प्रभावित आगरा जिला हुआ था। यहां 80 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। वहीं, 9 और 10 मई को आंधी-तूफान और बारिश में 18 लोगों की मौत हुई थी। उसके अलावा, 14 मई को भी इसी तरह की घटनाओं में 51 लोगों की जान चली गई थी। - 28-29 मई को उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की घटनाओं में 45 लोगों की मौत हो गई थी।