नई दिल्ली। दिल्ली के आर्क बिशप (कैथोलिक) ने एक पत्र जारी किया है, जिसको लेकर नया राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। आर्क बिशप अनिल काउटो ने यह पत्र देश के पादरियों के लिए जारी किया, जिसमें ईसाई समुदाय से नरेंद्र मोदी की सरकार दोबारा न बनने के लिए दुआ करने का आह्वान किया गया है।
बिशप ने भारत की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को अशांत करार दिया है। आर्क बिशप अनिल ने लिखा है कि हम लोग अशांत राजनीतिक माहौल का गवाह बन रहे हैं। इसके कारण संविधान में उल्लेखित लोकतांत्रिक सिद्धांतों और देश के धर्मनिरपेक्ष ताने-बाने के लिए खतरा पैदा हो गया है। देश और राजनेताओं के लिए प्रार्थना करना हमारी पवित्र परंपरा है। आम चुनावों के समीप आने के कारण यह और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। पत्र में ईसाई समुदाय से देश के लिए हर शुक्रवार को विशेष तौर पर प्रार्थना और उपवास करने को कहा गया है, ताकि देश में शांति, लोकतंत्र, समानता, स्वतंत्रता और भाईचारा बरकरार रहे।
पहले भी लिखे पत्र
आर्क बिशप अनिल काउटो ने देश भर के पादरियों के नाम लिखे पत्र में कहा कि हमलोग वर्ष 2019 की ओर बढ़ रहे हैं जब हमें नई सरकार मिलेगी। ऐसे में हमें अपने देश के लिए प्रार्थना अभियान शुरू करना चाहिए। नरेंद्र मोदी की सरकार का कार्यकाल मई, 2019 में समाप्त हो रहा है। यह कोई पहला मौका नहीं जब अनिल काउटो ने मोदी सरकार के खिलाफ इस तरह का बयान दिया है। आर्क बिशप ने गुजरात, मेघालय और नगालैंड विधानसभा चुनावों के दौरान भी कैथोलिक ईसाई समुदाय से ऐसी ही अपील की थी। उस वक्त भी उन्होंने पत्र जारी किया था। इन राज्यों में भाजपा अपने दम पर या फिर सहयोगियों की मदद से सरकार बनाने में कामयाब रही।