नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली के तीनों नगर निगमों के महापौर, उप महापौर और स्थायी समिति के अध्यक्ष और सदन के नेताओं के नामों की बुधवार को घोषणा की। पूर्वी निगम से बिपिन बिहारी सिंह, दक्षिण से नरेन्द्र चावला और उत्तरी से आदेश कुमार गुप्ता को भाजपा ने महापौर पद का प्रत्याशी बनाया है। स्थायी समिति अध्यक्ष पद पर पूर्वी से सत्य पालसिंह, दक्षिण से शिखा राय और उत्तरी निगम से वीना विरमानी के नाम की घोषणा की है।
उप महापौर पद पर पूर्वी से किरण वैद, दक्षिण से सत्यपाल मलिक और उत्तर से राजेश लवाडिया उम्मीदवार होंगे। पूर्वी निगम से नेता सदन की जिम्मेदारी निर्मल जैन, दक्षिण से कमलजीत सहरावत और उत्तरी निगम में तिलक राज कटारिया को सौंपी गई है। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष मनोज तिवारी की ओर से जारी सूची के अनुसार उत्तरी निगम के स्थायी समिति के उपाध्यक्ष पद के लिए निशा मान, स्थायी समिति सदस्य पर मनीष चौधरी को उम्मीदवार बनाया गया है।
पूर्वी निगम के स्थायी समिति उपाध्यक्ष के लिए रोमेश चंद्र गुप्ता और सदस्य संदीप कपूर होंगे। दक्षिण निगम की उपाध्यक्ष पूनम भाटी होंगी। तीनों निगमों में भाजपा बहुमत में हैं और उसके उम्मीदवारों की जीत लगभग तय है। निगम नियमों के अनुसार पांच वर्ष के कार्यकाल में महापौर पद के लिए पहला वर्ष महिला के लिए आरक्षित है। दूसरे वर्ष सामान्य और तीसरे साल अनुसूचित जाति-जनजाति और अंतिम दो वर्ष में महापौर का पद सामान्य वर्ग के लिए है।