25 Oct 2024, 07:50:33 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

कांग्रेस और बीजद के शासन काल में ओडिशा को लूटने वालों को भेजा जायेगा जेल: मोदी

By Dabangdunia News Service | Publish Date: May 29 2024 8:12PM | Updated Date: May 29 2024 8:31PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

बारीपदा/रेमुना/केंद्रपाड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि ओडिशा में कांग्रेस और बीजू जनता दल (बीजद) शासन के दौरान हुए सभी भ्रष्टाचार के मामलों की जांच की जायेगी और राज्य को लूटने वालों को जेल भेजा जायेगा, यह ‘मोदी की गारंटी’ है। मोदी ने ओडिशा में अपने चौथे चरण के चुनाव प्रचार के दौरान चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस और बीजद दोनों सरकारों पर राज्य में गरीबी के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 50 साल तक ओडिशा पर शासन किया, जबकि बीजद ने पिछले 25 साल से राज्य पर शासन किया है। उन्होंने दोनों दलों पर विकास के नाम पर ओडिशा के लोगों को धोखा देने का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि ओडिशा के खनिज और अन्य संसाधनों से समृद्ध होने के बावजूद राज्य ने वांछित आर्थिक विकास नहीं देखा है और लोग अब भी गरीबी में जी रहे हैं।

उन्होंने प्रण लिया कि भ्रष्टाचार में शामिल लोगों और राज्य को लूटने वाले, ओडिशा के लोगों की आकांक्षाओं को चकनाचूर करने वालों को बख्शा नहीं जायेगा और उन्हें जेल भेजा जायेगा। मोदी ने कहा कि बीजद के नेता जिनके पास पहले साइकिल भी नहीं थी, अब उनके पास लग्जरी गाड़ियां हैं और उन्होंने भ्रष्टाचार से बहुत सारा पैसा इकट्ठा किया है। उन्होंने वादा किया कि उनसे लूटा गया पैसा वापस लिया जाएगा। प्रधानमंत्री ने लोगों से लोकसभा और विधानसभा दोनों चुनावों में भाजपा उम्मीदवारों को वोट देने की अपील की और राज्य में ‘डबल इंजन’ सरकार के गठन की वकालत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि इससे ओडिशा देश का नंबर वन राज्य बन जाएगा।

प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि 10 साल पहले लोगों को लगता था कि भ्रष्टाचार और आतंकवाद पर लगाम लगाना मुश्किल होगा, लेकिन पिछले 10 सालों में देश इन मुद्दों से मुक्त हो गया है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग अब रिकॉर्ड मतदान के साथ लोकतंत्र का जश्न मना रहे हैं। वर्ष 2014 से पहले भारत विश्व अर्थव्यवस्था में 11वें स्थान पर था और आज यह पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।

मोदी ने भविष्यवाणी की कि अगले पांच सालों में विकास में तेजी आयेगी और भारत दुनिया की तीसरी आर्थिक शक्ति के रूप में उभरेगा। उन्होंने कहा कि चार जून के बाद अगले छह महीनों में भारत के राजनीतिक परिदृश्य में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेंगे, जिसमें वंशवाद की राजनीति पर आधारित राजनीतिक दलों का विघटन होगा। प्रधानमंत्री ने यह भविष्यवाणी भी की कि अगले छह महीनों में ओडिशा में बीजद की राजनीति में ‘बड़ा विस्फोट’ होगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जिन लोगों ने राज्य के संसाधनों को लूटा है, उन्हें पैसा वापस करना होगा, यह ‘मोदी की गारंटी’ है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों को लूटने वालों के लिए कोई सहानुभूति नहीं होगी और इन लुटेरों को दंडित किया जाएगा और उन्हें अपना बाकी जीवन जेल में बिताना होगा।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »