29 Mar 2024, 12:16:15 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

कनाडा के विभिन्न क्षेत्रों में भारतीयों का योगदान अमूल्य: बिरला

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jan 13 2020 1:35AM | Updated Date: Jan 13 2020 1:36AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

टोरंटो। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को कहा कि भारतीय मूल के लोगों ने कनाडा के व्यापार, उद्योग और सेवा तथा राजनीतिक क्षेत्र समेत विभिन्न क्षेत्रों में अमूल्य एवं सराहनीय योगदान दिया है। बिरला ने टोरंटो में भारतीय समुदाय द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय मूल के लोगों ने न केवल देश की प्रांतीय सरकारों में बल्कि केंद्रीय सरकार में भी बड़ा योगदान दिया है। वे भारतीय संस्कृति के दूत के रूप में भारत की मिट्टी से जुड़े हुए हैं।
 
उन्होंने कनाडा में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नये भारत के निर्माण के सपने को साकार करने में भागीदार बनने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भारत विश्व में तेजी से अपनी नई पहचान बना रहा है और प्रवासी भारतीयों से अनुरोध किया कि वे भारत में महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निवेश करके भारत-कनाडा संबंधों को मजबूत बनाने में सकारात्मक योगदान दें।
 
उन्होंने देश में वैश्विक निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और व्यापार की सुगमता सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार द्वारा उठाये गये अनेक कदमों का उल्लेख भी किया। इससे पहले कनाडा इंडिया फाउंडेशन द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में अपने विचार व्यक्त करते हुए बिरला ने कहा कि विश्व के विभिन्न भागों में बसे भारतीय मूल के लोग ‘लघु भारत’ की याद दिलाते हैं और स्वदेश का गौरव बढ़ाते हैं।
 
उन्होंने विभिन्न भारतीय धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सवों का आयोजन करके कनाडा में भी भारत की संस्कृति और परम्पराओं को जीवित रखने के भारतीय समुदाय के प्रयासों की सराहना की। बिरला ने उनसे ऐसे तौर-तरीकों का पता लगाने का आग्रह किया जिससे भारतीय अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों के साथ ही सामाजिक सेवाओं में और अधिक निवेश हो और वे अपनी मातृभूमि को अपनी अमूल्य सेवाएं प्रदान कर सकें।
 
बिरला के नेतृत्व में भारतीय संसदीय शिष्टमंडल के सदस्यों ने कनाडा की संसद के सदस्यों और ओंटारियो की प्रांतीय संसद के सदस्यों से भी मुलाकात की। शिष्टमंडल ने कनाडा के सदस्यों के साथ संसदीय अनुभवों का आदान-प्रदान किया और नियमित बैठकों द्वारा दोनों देशों के सांसदों के बीच और घनिष्ठता बढ़ाने का संकल्प किया।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »