मुजफ्फरनगर। शादी के दौरान जूता चुराई रस्म के दौरान एक दूल्हा इतना भड़क गया की शादी ही टूट गई। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में इस रिवाज के दौरान कुछ ऐसा हुआ कि शादी ही टूट गई। आरोप है कि दूल्हे ने लड़की की तरफ की कुछ महिलाओं को अपशब्द कहे, इसके बाद बारात को सिसौली से दिल्ली वापस लौटना पड़ा।
यह घटना भोराकलां पुलिस थाने की है। यहां हो रही एक शादी में जूता चुराई की रस्म चल रही थी। दुलहन की तरफ की लड़कियों ने जूता चुराया और इसे वापस करने के एवज में पैसों की मांग की। 22 साल का दूल्हा इस पर राजी नहीं हुआ और उसने गाली-गलौच शुरू कर दी। जब दुलहन को इस बारे में पता चला तो उसने फौरन शादी तोड़ दी। यही नहीं दहेज में लिए गए 10 लाख रुपये वापस करने की बात मानने के बाद ही बारात को लौटने की इजाजत मिल पाई।
सूत्रों के मुताबिक जब लड़की के परिजनों ने दूल्हे को समझाने की कोशिश की तो वह भड़क उठा। दूल्हे ने अपशब्द कहते हुए एक शख्स को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद दुलहन के परिजनों और मित्रों ने शादी को तोड़ने का फैसला किया। सिर्फ दूल्हे, उसके पिता और दो रिश्तेदारों को छोड़कर पूरी बारात को लौटा दिया गया। परिजनों ने दूल्हे समेत इन लोगों को बंधक बना लिया।