29 Mar 2024, 10:31:58 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

कांग्रेस देश में दंगे कराने का प्रयास कर रही : बीजेपी

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Dec 15 2019 5:50PM | Updated Date: Dec 15 2019 5:50PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस समेत विभिन्न विपक्षी दलों पर नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर मुसलमानों  को बरगलाने एवं देश में दंगे के प्रयास का रविवार को आरोप लगाया। भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने यहां संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर कांग्रेस हिन्दू और मुसलमानों के बीच दंगे कराने का प्रयास कर रही है। इस मुद्दे पर मुसलमानों में भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है और देश में आग लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी समझ गयी है कि विकास को लेकर वह जनता के दरबार में नहीं टिक सकती और न ही चुनाव जीत सकती है, जिसके कारण बौखलाहट में वह लोगों को भड़का रही है। 
 
उन्होंने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल और असम में रेलगाड़ि‍यों में कौन आग लगा रहा हैं उन्हें हम पहचानते हैं। किसके कहने पर ऐसे गैरजिम्मेदाराना कार्य किये जा रहे हैं उन्हें हम जानते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया है कि नागरिकता संशोधन अधिनियम किसी का अधिकार छीनता नहीं है, बल्कि पाकिस्तान, बंगलादेश और अफगानिस्तान से आये लोगों को अधिकार देता है। ये लोग वर्षों से पड़ोसी देशों में बदहाली का जीवन जी रहे थे। 
 
 पात्रा ने कहा कि अनुच्छेद 370 को हटाये जाने, राम मंदिर निर्माण पर न्यायालय के आये फैसले, तीन तलाक निरोधक कानून और अब नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर कांग्रेस बौखला गयी है।उन्होंने कहा कि आज ही भाजपा पार्टी मुख्यालय में ग्यारह राज्यों के पार्टी पदाधिकारियों, मीडिया और सोशल मीडिया टीम की बैठक हुई, जिसमें लोगों को नागरिकता अधिनियम के संबंध में तथ्यों की जानकारी देने को कहा गया। इस संबंध में पार्टी नागरिकता अधिनियम से संबंधित तथ्यों के आधार पर एक पुस्तिका का भी प्रकाशन किया गया है। 
बैठक में पंजाब, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू कश्मीर और लद्दाख के पार्टी पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। नागरिकता अधिनियम को लेकर भाजपा के सांसद भी लोगों को तथ्यों की जानकारी देंगे। बैठक को पार्टी महासचिव भूपेन्द्र यादव और श्री पात्रा ने भी सम्बोधित किया। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »