29 Mar 2024, 13:12:25 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

झारखंड में 12 सीटों पर मतदान समाप्त - 5 पर जारी, कुल 57.69% वोटिंग

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Dec 12 2019 6:13PM | Updated Date: Dec 12 2019 6:13PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

रांची। झारखंड में तीसरे चरण की 17 विधानसभा सीटों में से बारह पर आज अपराह्न तीन बजे मतदान समाप्त हो गया और इस दौरान सभी सीटों के लिए कुल 57.69 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राज्य कार्यालय सूत्रों ने यहां बताया कि इन 17 सीट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। अपराह्न तीन बजे तक इन विधानसभा क्षेत्रों में कुल 57.69 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने-अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है। तीसरे चरण की 17 सीटों में से बारह के लिए मतदान समाप्त हो गया है जबकि शेष पांच बरकट्ठा, रामगढ़, रांची, हटिया और कांके सीट पर शाम पांच बजे तक वोट डाले जाएंगे। अपराह्न तीन बजे तक तक बरकट्ठा में 57.50 प्रतिशत, रामगढ़ में 58.71 प्रतिशत, रांची में 39.85 प्रतिशत, हटिया में 44.57 प्रतिशत और कांके में 52.68 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट किया।
 
वहीं, मतदान समाप्त होने पर कोडरमा में 57.47 प्रतिशत, बरही में 57.40 प्रतिशत, बड़कागांव में 60.38 प्रतिशत, मांडू में 65.10 प्रतिशत, हजारीबाग में 54.39 प्रतिशत, सिमरिया (सुरक्षित) में 61.05 प्रतिशत, धनवार में 59.86 प्रतिशत, गोमियां में 66.20 प्रतिशत, बेरमो में 59.50 प्रतिशत, ईचागढ़ में 67.09 प्रतिशत, सिल्ली में 68.22 प्रतिशत और खिजरी (सु) में 62.01 प्रतिशत मतदान हुआ है।
 
बरकट्ठा, रामगढ़, रांची, हटिया और कांके विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर अभी भी मतदाताओं की लंबी कतार देखी जा रही है। मतदाताओं में महिलाओं की संख्या भी अच्छी खासी देखी जा रही है। राज्य में कही से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। उल्लेखनीय है कि तीसरे चरण के मतदान वाली 17 विधानसभा सीटों के लिए 32 महिला समेत कुल 309 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इनमें से सबसे अधिक 31 प्रत्याशी ईचागढ़ और सबसे कम 12-12 प्रत्याशी रांची और कांके विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »