चंडीगढ़। भारत सरकार 'स्वच्छ भारत अभियान' और 'प्लास्टिक फ्री इंडिया' के अभियान का असर बल्लभगढ़ में सोमवार को होने जा रही पीएम मोदी रैली में भी दिखाई देगा। पीएम की रैली में लोगों को प्लास्टिक की बोतलों से पानी नहीं दिया जाएगा बल्कि रैली स्थल में जगह-जगह मटके रखे गए हैं जिनमें पानी भरा जाएगा। प्यास लगने पर लोग इन मटको का पानी पी सकेंगे।
दरअसल, आज हरियाणा के चुनावी संग्राम में दिग्गजों की एंट्री होगी। आज जहां पीएम मोदी की बल्लभगढ़ में रैली होगी, वहीं राहुल गांधी नूंह में रैली को संबोधित करेंगे। गृहमंत्री और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह हरियाणा में फतेहाबाद, सिरसा और हिसार में चुनावी रैलियां करेंगे। बता दें कि 2014 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के हाथ से हरियाणा की सत्ता चले गई थी। भाजपा ने शानदार कामयाबी हासिल करते हुए 47 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि इसकी गठबंधन सहयोगी शिरोमणि अकाली दल को 1 सीट पर जीत हासिल हुई थी।