19 Apr 2024, 18:50:09 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

वेंकैया, मोदी, शाह की हिन्दी दिवस पर बधाई एवं शुभकामनाएं

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Sep 15 2019 12:38AM | Updated Date: Sep 15 2019 12:38AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को हिंदी दिवस के अवसर पर देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनायें दीं। नायडू ने ट्वीट करके कहा, ‘‘हिंदी दिवस पर आग्रह करता हूं कि राजभाषा हिंदी को अधिक सरल और सुगम्य बनाने का प्रयास किया जाना चाहिए। हर भाषा समुदायों, परिवारों में जीवंत बनती है, वह मानव और उसके समाज के अनुभवों से समृद्ध होती है। भाषा हमारी आकांक्षाओं को स्वर देती है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम भारतीय भाषाओं और हिंदी के बीच संवाद को प्रोत्साहित करें। यह संवाद हिंदी को अन्य भारतीय भाषाओं के शब्दों, अलंकारों और मुहावरों से और समृद्ध करेगा। हिंदी का प्रचार-प्रसार और व्यापक होगा। हर भाषा वंदनीय है, भारत की हर भाषा का साहित्य हमारी सांस्कृतिक विरासत है। 

हमारी भाषाएं हमारे साझा संस्कारों को अभिव्यक्ति देती हैं। हमारी भाषाएं हमारी सांस्कृतिक, भावनात्मक और राष्ट्रीय एकता का सूत्र हैं।’’ मोदी ने ट्वीट करके कहा, ‘‘हिंदी दिवस पर आप सभी को बहुत-बहुत बधाई। भाषा की सरलता, सहजता और शालीनता अभिव्यक्ति को सार्थकता प्रदान करती है। हिंदी ने इन पहलुओं को खूबसूरती से समाहित किया है।’’ शाह ने ट्वीट कर कहा, ‘‘आज हिंदी दिवस के अवसर पर मैं देश के सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि हम अपनी-अपनी मातृभाषा के प्रयोग को बढ़ावा दें और साथ में हिंदी भाषा का भी प्रयोग कर देश की एक भाषा के पूज्य बापू और लौह पुरुष सरदार पटेल के सपने को साकार करने में योगदान दें।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »