देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के डोंगरी इलाके में मंगलवार को 4 मंजिला इमारत गिर गई। इस हादसे में एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक, यह इमारत टंडेल स्ट्रीट पर स्थित है और इसका नाम 'केसरबाई' है। मुंबई में इमारत गिरने की यह पहली घटना नहीं है। विशेष कर बरसात के मौसम में यहां इमारत गिरने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। इस महीने मुंबई में ऐसी यह चौथी घटना है और अब तक 42 लोगों की इसमें जान जा चुकी है। एक जुलाई को मुंबई के कल्याण इलाके में स्कूल की दीवार गिरने से एक बच्चा समेत 3 लोगों की मौत हो गई थी। जबकि 2 जुलाई को भारी बारिश के कारण मलाड में दीवार गिरने से 18 लोगों की मौत हो गई थी।
प्रतिवर्ष होते हैं ऐसे हादसे- बीते 7 जुलाई को शिवाजी नगर में घर गिर जाने से 5 लोग घायल हो गए थे। इमारत गिरने के जिन हादसों का अभी जिक्र किया गया है, वो सभी जून के आखिरी हफ्ते या जुलाई महीने के हैं। मुंबई में 2 साल पहले भी बरसात के समय ऐसी घटनाएं हुई थीं। 31 अगस्त, 2017 को भिंडी बाजार में 117 साल पुरानी इमारत गिरने से 34 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं 25 जुलाई, 2017 को घाटकोपर इलाके में बिल्डिंग गिरने से 17 लोगों की मौत हुई थी।