नई दिल्ली। सोनभद्र हिंसा मामले में पीड़ित परिवारों से मिलने जाने के दौरान हिरासत में ली गई कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने जमानत लेने से इनकार किया है। आज यानी शनिवार सुबह उन्होंने मिर्जापुर जिले के चुनार में ये बात कही। प्रियंका ने कहा कि मैं जब तक परिवार के सदस्यों से नहीं मिलूंगी तब तक नहीं जाऊंगी।
उन्होंने कहा कि मुझे राहुल गांधी ने भेजा है और वो जनता की आवाज बनकर उठाती रहेंगी। प्रियंका ने कहा इतना बड़ा हादसा हुआ है, आदिवासियों की जमीन को छीनने की कोशिश हुई है। इस घटना की पूरी जिम्मेदारी यूपी सरकार की है। दरअसल प्रियंका गांधी को शुक्रवार को सोनभद्र जाने के दौरान रास्ते में हिरासत में ले लिया गया था।
पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका यहां पीड़ित परिवारों से मिलने जा रही थीं। हिरासत में लिए जाने के बाद प्रियंका ने जमानत के लिए पर्सनल बॉन्ड देने से इनकार कर दिया था। शुक्रवार को भी उन्होंने कहा था कि मैं पीड़ितों से मिले बिना नहीं जाऊंगी। साथ ही वो लगातार मांग करती रहीं कि उन्हें पीड़ित परिवारों से मिलने और आगे बढ़ने की अनुमति दी जाए। प्रियंका गांधी को मिर्जापुर जिले के चुनाव स्थित गेस्ट हाउस में ठहराया गया है। प्रियंका रात भर यहां रूकी थीं। अपने नेता के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ता भी गेस्ट हाउस के बाहर रात भर डटे रहे।