23 Apr 2024, 23:41:01 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

लालू यादव का सपना साकार करने के लिए गरीबों की आवाज उठाता रहूंगा : तेजस्वी

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jul 7 2019 12:55AM | Updated Date: Jul 7 2019 12:55AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

पटना। बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने आज कहा कि उनकी हो रही आलोचनाओं से सीख लेकर वह अपनी गलतियों को सुधारते हुए गरीबों एवं वंचितों की आवाज को पूरी मजबूती से उठाते रहेंगे ताकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव का सपना साकार हो सके। राजद के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि प्रतिपक्ष के नेता यादव ने लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की यहां हुई पहली बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि वह अपने खिलाफ हो रही आलोचना के प्रति काफी संवेदनशील हैं और इसे सकारात्मक रूप से लेते हुए अपनी गलतियों को सुधारने के लिए भी तैयार हैं। गलतियों को सुधार कर वह फिर से नई ताकत के साथ गरीबों और वंचितों की आवाज पूरी मजबूती से उठाते रहेंगे ताकि राजद अध्यक्ष का सपना साकार हो सके।

कार्यकारिणी की बैठक में मीडिया की मौजूदगी की मनाही के कारण पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने अपना नाम नहीं छापे जाने की शर्त पर श्री यादव के संबोधन की जानकारी दी। प्रतिपक्ष के नेता ने कहा, ‘‘गरीबों और वंचितों के हक की लड़ाई लड़ने के कारण राजद अध्यक्ष यादव को जितनी प्रताड़ना दी जा रही है उतनी प्रताड़ना आज तक किसी अन्य नेता को नहीं दी गई है। हमें जितना सताया जायेगा हम उतनी ही मजबूत होंगे।’’ उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई एक व्यक्ति पार्टी को मजबूत नहीं कर सकता। इसके लिए सभी को स्वार्थ से ऊपर उठकर एकजुटता के साथ मजबूती से काम करना होगा।

यादव ने कहा कि हाल के दिनों में उनका लोगों के साथ कम्युनिकेशन गैप हो गया था जो जल्द ही समाप्त हो जाएगा। पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सबसे ज्यादा अनुशासन की जरूरत है और इसका सभी को ध्यान रखना चाहिए। सभी को साथ लेकर चलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जिनके साथ समाज में अन्याय हो रहा है हम उसकी बात तो करते हैं लेकिन उनके लिए काम नहीं कर पाते। प्रतिपक्ष के नेता ने कहा कि उन्हें यह मालूम है कि कौन किस मकसद से उनके इस्तीफे की खबर मीडिया में फैला रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार को मुद्दा बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव में वोटों का विभाजन हो गया, जिसे अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में रोकने की कोशिश की जाएगी।

पार्टी मजबूती से यह सुनिश्चित करेगी कि किसी भी हाल में वोटों का विभाजन न हो। यादव ने कहा कि पार्टी कांग्रेस के साथ है लेकिन संगठन को मजबूत करने के लिए दूसरे राज्यों में भी चुनाव लड़ना होगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के साथ संबंधों को लेकर दुविधा की स्थिति बनी हुई है और इसके कारण कई तरह की चर्चाएं भी हो रही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उनके पास कोई प्रस्ताव नहीं आया है और पहले कोई प्रस्ताव आए तभी तो कुछ कहा जा सकता है।

 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »