28 Mar 2024, 16:18:36 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android

नई दिल्ली। देश की सलामती, सुरक्षा और समृद्धि की दुआओं के साथ बुधवार शाम को केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने हज 2019 के लिए दिल्ली से जाने वाले हज यात्रियों के पहले जत्थे को इंदिरा गाँधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के हज टर्मिनल से रवाना किया। दिल्ली से रवाना होने वाली पहली उड़ान से कुल 419 हज यात्री हज पर जा रहे हैं। इनमें उत्तर प्रदेश के अलीगढ़, आगरा, मेरठ, रामपुर एवं बुलंदशहर के हज यात्री शामिल हैं। इन हज यात्रियों में 202 महिलाएं भी शामिल हैं। नकवी ने कहा कि वर्ष 2019 में दो लाख भारतीय मुसलमान बिना किसी सब्सिडी के हज यात्रा करेंगे, हमारी ईमानदार-पारदर्शी व्यवस्था का नतीजा है कि सब्सिडी खत्म होने के बाद भी हज यात्रियों पर गैर जरुरी बोझ नहीं पड़ने पाया और देश के इतिहास में सबसे ज्यादा भारतीय मुसलमान इस वर्ष हज यात्रा पर जायेंगे।

नकवी ने कहा कि देश भर के 21 हवाई अड्डों से 500 से ज्यादा उडानों के जरिये भारतीय मुसलमान इस वर्ष हज पर जायेंगे। गुरुवार चार जुलाई को दिल्ली, गया, गुवाहाटी, श्रीनगर से उड़ान जाना शुरू होंगी। दिल्ली हवाई अड्डे से दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, हरयाणा, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश के हज यात्री जायेंगे। इसके अलावा बंगलुरु और कालीकट से सात जुलाई, कोचीन से 14 जुलाई, गोवा से 13 जुलाई, मंगलोर से 17 जुलाई, मुंबई से 14 और 21 जुलाई, श्रीनगर से 21 जुलाई से हज यात्री रवाना होंगे।

दूसरे चरण में अहमदाबाद से 20 जुलाई, औरंगाबाद से 22 जुलाई, भोपाल से 21 जुलाई, चेन्नई से 31 जुलाई, हैदराबाद से 26 जुलाई, जयपुर से 20 जुलाई, कोलकाता से 25 जुलाई, लखनऊ से 20 जुलाई, नागपुर से 25 जुलाई, रांची से 21 जुलाई और वाराणसी से 29 जुलाई को हज यात्री जाना शुरू होंगे। इस अवसर पर दिल्ली के राजस्व एवं परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत, खाद्य मंत्री इमरान हुसैन, सांसद संजय सिंह, हज कमेटी ऑफ इंडिया के एक्टिंग चेयरमैन शेख जिन्नाह नबी, हज कमिटी ऑफ इंडिया के सदस्य हसन बाकर काज़मी, अल्पसंख्यक मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव एस के देव वर्मन, हज कमेटी ऑफ इंडिया के सीईओ मकसूद अहमद खान, दिल्ली हज कमेटी के चेयरमैन आसिम अहमद खान एवं समाज के सभी वर्ग के लोगों ने हज यात्रियों को मुबारकबाद और विदाई दी।

 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »