29 Mar 2024, 11:07:54 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

ग्रेटर नोएडा में बोले प्रधानमंत्री मोदी- जो भ्रष्ट है, सिर्फ उसे ही मोदी से कष्ट है

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Mar 9 2019 2:08PM | Updated Date: Mar 9 2019 2:08PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्रेटर नोएडा में नवनिर्मित पं. दीनदयाल उपाध्याय पुरातत्व संस्थान परिसर पहुंचकर पं. दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति का अनावरण किया और इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय पुरातत्व संस्थान और नोएडा मेट्रो सिटी सेंटर-इलेक्ट्रॉनिक सिटी सेंटर सेक्शन का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने यहीं से यूपी के खुर्जा में सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट और बिहार के बक्सर में 1320 मेगावाट थर्मल पावर प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी।
 
प्रधानमंत्री ने बोलते हुए कहा, यहां आप मोदी मोदी कर रहे हैं और वहां कुछ लोगों की नींद हराम हो रही है। वो भी कुछ दिन थे जब नोएडा-ग्रेनो की पहचान भ्रष्टाचार, टेंडरों में धांधली और जमीन घोटालों में धांधली की वजह से होती थी। लेकिन अब यहां विकास से, रोजगार सृजन से होती थी। आज नोएडा मेक इंडिया के बड़े हब के तौर पर विकसित हो रहा है। आज मोबाइल बनाने में भारत नंबर दो पर है, जिसका श्रेय नोएडा को जाता है।
 
अधिकतर मोबाइल, फ्रिज आदि इलेक्ट्रॉनिक सामान बनाने वाली कंपनियां नोएडा में हैं जो युवाओं को रोजगार दे रही है। पीएम बोले नोएडा सिटी सेंटर से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी सेंटर तक चलने वाली मेट्रो से कनेक्टिविटी बढ़ेगी। जेवर में देश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा बनने जा रहा है। इससे जुड़ी तमाम प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है। इससे यहां की एयर कनेक्टिविटी बढ़ जाएगी और लोगों को दिल्ली जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह पश्चिम यूपी के लिए स्वर्णिम अवसर है। उड़ान योजना के तहत बरेली से भी उड़ाने शुरू होंगी।
 
उड़ान योजना के तहत 120 उड़ानों को शुरू किया गया है। इससे देश के टीयर टू टीयर थ्री शहरों में भी एयर कनेक्टिविटी बढ़ी है। दो और बड़े पॉवर प्लांट का शिलान्यास यहां से किया गया है। यूपी के खुर्जा में सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट और बिहार के बक्सर में 1320 मेगावाट थर्मल पावर प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी। 
 
12000 करोड़ रुपए खुर्जा प्लांट पर और 10000 करोड़ रुपए बिहार वाले प्लांट पर खर्च होगा। दोनों प्लांट तैयार होने से यूपी और बिहार को पर्याप्त बिजली मिलेगी। बिहार वाले प्लांट से पूर्वी भारत को भी बिजली मिल सकेगी। इस तरह इन शहरों में उद्योग लगाने वालों को आराम से बिजली मिल सकेगी।
 
पुरानी सरकारों ने देश की ऊर्जा जरूरतों को नजरअंदाज किया। इसका उदाहरण कल मुझे कानपुर में दिखा। कानपुर में पनकी पॉवर प्रोजेक्ट का काम शुरू हुआ लेकिन यहां 40-50 साल पुरानी मशीन से काम हो रहा था। कांग्रेस जैसा हाल था मशीनों का। हमने ऊर्जा क्षेत्र में काम किया। बिजली ट्रांसमिशन के क्षेत्र में भी इंवेस्टमेंट लाने का काम किया। वन नेशन वन ग्रिड का सपना पूरा किया। उन्होंने कहा मैं छोटे सपने देखता नहीं छोटे काम करता नहीं। वन वर्ल्ड वन सन वन ग्रिड का हमारा सपना है।
 
65 साल ढाई लाख और पांच साल में एक लाख से ज्यादा मेगावाट बिजली पैदा की। पुराने थके लोगों से देश चलता तो कहां जाता। कितने दशक बीत गए लेकिन अब नया भारत नए रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। बिजली वितरण में कमियां थीं जिसे हमारी सरकार ने ठीक किया। सरकार के कोशिश की वजह से बिजली वितरण सुधर रहा है।
 
ढाई करोड़ परिवारों को बिजली कनेक्शन मुफ्त दिया गया। ढाई करोड़ परिवार जो अंधेरे की जिंदगी जी रहे थे अब उजाले में है ये किसने किया। ये मोदी ने नहीं किया है ये उजाला आपके वोट की ताकत से आया है। आप अगर मेरे साथ न होते तो ये पांच साल भी बीत जाते ये ढाई करोड़ परिवार अंधेरे में जीते इसलिए इसका क्रेडिट आपको जाता है।
 
प्रधानमंत्री आगे बोले, बिजली बिल कम करने की दिशा में काम किया। एलईडी बल्ब वितरण कराए। एलईडी बल्ब मेरे आने पर 350 की जगह 40-45 हो गया। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि हमने बिचौलियो की दुकान बंद हुई। डेढ़ सौ करोड़ एलईडी बल्ब वितरित किए जिससे 50 हजार करोड़ रुपए बचे जो बिचौलियों को बचाने से हुआ।
 
यहां पं. दीनदयाल उपाध्याय पुरातत्व संस्थान का भी उद्घाटन हुआ। हमारे देश ने आक्रांताओं के हमले देखें हैं जिसमें हमारी विरासत नष्ट किए जाते रहे उसे बचाने का काम पुरातत्व विभाग करता है। 
 
वह आगे बोले आधी आबादी के पास बिजली, घर, शौचालय नहीं था लेकिन अब हम सबका साथ सबका विकास के उद्देश्य से काम कर रहे हैं। आज हर भ्रष्ट को मोदी से कष्ट है। ऐसे लोग चौकीदार को गाली देने की प्रतियोगिता कर रहे हैं। वे जीत के लिए इतने उतावले हो गए हैं कि मोदी विरोध के चक्कर में देश विरोध पर उतर आए हैं।
 
प्रधानमंत्री ने उरी के बाद हुई सर्जिकल स्ट्राइक पर कहा कि हमने ऐसा करके आतंक के आकाओं की नींद हराम कर दी। उरी के बाद लोग सबूत मांग रहे थे। अब पुलवामा हमला हुआ, भारत के वीरों ने जो काम किया वह दशकों तक नहीं हुआ। हमारे वीरों ने आतंकियों को उनके घर में घुसकर मारा।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »