नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान ने मंगलवार को यहां और इस्लामाबाद में परमाणु प्रतिष्ठानों की सूची का राजनयिक माध्यम से आदान-प्रदान किया। दोनों देश एक दूसरे के परमाणु प्रतिष्ठानों पर हमला न करने के समझौते के तहत इस सूची का हर वर्ष आदान प्रदान करते हैं।
इस समझौते पर 31 दिसंबर 1988 को हस्ताक्षर किए गए और यह 27 जनवरी 1991 से अमल में आया। इसमें यह प्रावधान है कि दोनों देश इस समझौते के तहत आने वाले परमाणु प्रतिष्ठानों की जानकारी एक दूसरे को हर साल देंगे। यह आदान प्रदान पहली बार 1 जनवरी 1992 को हुआ था और इसके बाद से लगातार 28 बार दोनों देशों ने यह जानकारी साझा की है।