19 Apr 2024, 04:59:24 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android

तराना। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कांग्रेस नेताओं पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि कई दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद इस दल के नेताओं ने गरीबों और किसानों के लिए कुछ नहीं किया और अब विधानसभा चुनाव आने पर इनकी याद आने लगी है। चौहान ने जन आशीर्वाद यात्रा के तहत उज्जैन जिले के तराना विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न सभाओं में कहा कि कांग्रेस ने पचास साल से अधिक समय तक देश और मध्यप्रदेश में राज किया।

लेकिन कभी भी विकास नहीं किया और न ही गरीबों तथा किसानों की समस्याओं की तरफ ध्यान दिया। केंद्र और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकारें विकास भी कर रही हैं और गरीबों तथा किसानों की समस्याओं को क्रमवार निवारण भी कर रही हैं। अब यह सब कांग्रेस को रास नहीं आ रहा है। चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस पंद्रह वर्षोँ से सत्ता से बाहर है। इसलिए विधानसभा चुनाव आने पर कांग्रेस के नेताओं को गरीबों किसानों की याद सताने लगी है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम लिया और कहा कि उन्हें तो खेती किसानी के बारे में मालूम नहीं है और किसानों की समस्याओं को लेकर बोलते हैं।

वहीं श्री चौहान ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा सोमवार को उज्जैन जिले के तराना विधानसभा के गांवों में पहुंची। मुख्यमंत्री सुबह माकड़ौन पहुंचे और यात्रा की शुरुआत की। हेलीपेड से लेकर सभा स्थल के बीच मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए ग्रामीणों की भीड़ नजर आयी। इसके बाद वे विशेष वाहन में सवार होकर आसपास के गांवों में भी गए। भाजपा राज्य में लगातार चौथी बार विधानसभा चुनाव जीतने के लिए तैयारियों में जुटी है। इसी के तहत श्री चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जा रही है। इसके तहत श्री चौहान सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेंगे। आगामी नवंबर दिसंबर माह में विधानसभा चुनाव संभावित हैं। 

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »