शिवपुरी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शिवपुरी जिले के कोलारस विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में प्रचार करते हुए कहा कि यह पांच महीने का चुनाव है। हम विकास करके दिखाएंगे, अगर आपको पसंद नहीं आएं, तो पांच महीने बाद होने वाले चुनाव में आप हमें बदल देना। चौहान ने कोलारस के ग्राम रिजोधा और इंदार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी के समर्थन में सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर प्रहार किए।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र से कांग्रेस के सांसद हैं और विधायक थे, लेकिन कोई विकास नहीं किया। आप इस बार भाजपा को मौका दीजिए। उपचुनाव में उनसे मुकाबला होने संबंधी स्थानीय कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के बयान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे ऐसा नहीं मानते, वे अपनी बड़ी लकीर खींचने में विश्वास रखते हैं, किसी की लकीर मिटाने में नहीं। वे इस क्षेत्र में विकास करके दिखाएंगे और अपनी लकीर बड़ी करेंगे।