भोपाल। मध्यप्रदेश के भोपाल संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आज कहा कि कांग्रेस का विजन युवाओं की भोपाल में पढाई के बाद यहीं कमाई करने का है। सिंह ने आज सुबह अपने ट्वीट में कहा कि पढ़ने के लिए बच्चा गांव से भोपाल आए और पढ़ कर नौकरी करने पूना, बेंगलुरु, गुड़गांव जाए। विकास का यह मॉडल भारतीय जनता पार्टी सरकार का धोखा है। कांग्रेस का विजन है भोपाल में पढ़ाई और यहीं हो कमाई।
उन्होंने कहा कि अब बच्चे इंजीनियरिंग कर न दूसरे शहर जाएंगे, न नौकरी के अभाव में 'पकोड़े' तलेंगे। पूना, बेंगलुरु सा विकास लाकर कांग्रेस भोपाल को ग्लोबल सिटी बनाएगी। हमारा प्रयास होगा, भोपाल में अच्छी पढ़ाई और उत्तम नौकरी। भोपाल क्यों आईटी हब नहीं बन सकता, किसी ने सोचा नहीं। हमने सोचा, अब बनाएंगे। भोपाल संसदीय सीट पर सिंह का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी की प्रज्ञा सिंह ठाकुर से है। यहां 12 मई को मतदान होना है।