झांसी। धनराज पिल्लै और अजीतपाल सिंह समेत कई जाने माने अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी 29 अगस्त को भारतीय हाॅकी के भीष्म पितामह मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस के मौके पर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर अपना जलवा बिखरेंगे।
खेलकूद विकास समिति के संरक्षक अशोक ध्यानचंद ने सोमवार को बताया कि मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। सीपरी बाजार स्थित हीरोज क्रीडास्थल पर हॉकी ओलंपियंस और अंतरराष्ट्रीय खिलाडियों के बीच एक प्रदर्शनी मैच का आयोजन किया जायेगा। इस मैच के जरिये से हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
प्रदर्शनी मैच में 1976 की हॉकी विश्वकप विजेता बनी भारतीय टीम के कप्तान अजीतपाल सिंह, पद्मश्री और राजीव गांधी खेल रत्न से सम्मानित धनराज पिल्लै, 1975 की हॉकी विजेता टीम के सदस्य एम पी गणेश, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाडी मो यूसुफ, सलीम अब्बासी, हसरत कुरैशी समेत कई नामी गिरामी सितारे हिस्सा लेंगे। उन्होने कहा कि मेजर ध्यानचंद एकमात्र ऐसे खिलाडी हैं जिनके नाम पर किसी राष्ट्रीय स्टेडियम का नाम रखा गया है और भारत एकमात्र ऐसा देश है जहां किसी खिलाडी के जन्मदिन पर राष्ट्रीय खेल पुरस्कार वितरित किए जाते है।