20 Apr 2024, 02:15:32 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

फुटबॉल का महाकुंभ 'विश्व कप' : मैसी, नेमार, रोनाल्डो गोल्डन बूट के दावेदार

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jun 11 2018 12:06PM | Updated Date: Jun 11 2018 12:06PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। फुटबॉल का महाकुंभ 'विश्व कप' शुरू होने में अब मात्र 4 दिन शेष रह गए हैं। टीमें ‍अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है और फैंस अपने पूवार्नुमान लगाने में जुट चुके हैं। इसी दौरान यह चर्चा जोर पकड़ रही है कि इस बार रूस में गोल्डन बूट कौन हासिल करेगा। विश्व कप में सबसे ज्यादा गोल दागने वाले खिलाड़ी को गोल्डन बूट अवॉर्ड प्रदान किया जाता है। 
 
पिछले बार कोलंबिया के जेम्स रॉड्रिग्ज ने छह गोल के साथ यह खिताब हासिल कर सबको चौंकाया था। आइए हम नजर डालते हैं कि इस बार गोल्डन बूट खिताब के लिए कौन-कौन से खिलाड़ी दावेदार होंगे। विश्व कप फुटबॉल और उसके गोल्डन बूट की बात हो तो पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो, अर्जेंटीना के लियोनेल मैसी और ब्राजील के नेमार का नाम स्वाभाविक रूप से आ ही जाता है। इनके अलावा फ्रांस के एंटोइन ग्रिजमैन, जर्मनी के थॉमस मुलर और इंग्लैंड के हैरी केन भी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।
 
क्रिस्टियानो रोनाल्डो
पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो का यह संभवत: अंतिम विश्व कप होगा और वे अपने प्रदर्शन से टीम को विश्व कप दिलाकर इसे यादगार बनान चाहेंगे। पुर्तगाल को 2016 का यूरो कप दिला चुके रोनाल्डो चाहेंगे कि इस बार अपनी टीम को विश्व कप दिलाकर अपना नाम महान फुटबॉलरों में दर्ज करवा लिया जाए। विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के जरिए वे लगातार तीसरी बार दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर का खिताब भी हासिल कर सकते हैं।
 
लियोनेल मैसी 
लियोनेल मैसी पिछले विश्व कप में अपनी टीम को फाइनल तक पहुंचाने के बावजूद निराश हुए थे, क्योंकि उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा था। मारियो गोत्जे द्वारा अतिरिक्त समय के दूसरे हाफ में किए गए गोल की मदद से जर्मनी चैंपियन बना था। मैसी को गोल्डन बॉल से सम्मानित किया गया था, लेकिन वे इस बार चाहेंगे कि सबसे ज्यादा गोल दागते हुए 'गोल्डन बूट' हासिल करने के साथ ही अपनी टीम को खिताब भी दिलाए। यदि वे ऐसा करते हैं तो उनका सबसे बड़ा सपना साकार हो पाएगा।
 
नेमार
घुटने की चोट के कारण तीन महीनों तक मैदान से दूर रहने के बाद ब्राजील के स्टार नेमार मैदान पर वापसी कर रहे हैं। दुनिया के सबसे महंगे खिलाड़‍ियों में शामिल नेमार पिछले विश्व कप को भुलाना चाहेंगे, जहां उनको लगी चोट के बाद ब्राजील को घरेलू दर्शकों के सामने शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था। जर्मनी ने सेमीफाइनल में ब्राजील को रौंदकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी। नेमार चाहेंगे कि पिछले गम को भुलाते हुए इस बार टीम को विश्व कप दिलाया जाए। ब्राजील भी लंबे खिताबी सूखे के बाद खिताब के लिए बेकरार रहेगा।
 
एंटोइन ग्रिजमैन
एंटोइन ग्रिजमैन अगर आपको पिछले विश्व कप के बारे में कुछ याद हो तो शायद ही कोई यह अंदाजा लगा पा रहा था कि फ्रांस भी इस विश्व कप का दावेदार हो सकता है, फिर भी फ्रांस की टीम ने क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया। फ्रांस को साल 2014 के विश्व कप में यहां तक ले जाने में एंटोइन ग्रीजमैन की बड़ी भूमिका रही है, तब ग्रीजमैन इतने फेमस नहीं थे, जितने कि आज हैं। बीते चार सालों में अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर इस खिलाड़ी ने अपनी एक अलग पहचान बना ली है। ग्रिजमैन ने एटलेटिको मैड्रिड के लिए खेलते हुए हर सीजन में औसतन 28 गोल किए हैं। इसके अलावा उन्होंने फ्रांस के लिए यूरो 2016 में शानदार प्रदर्शन किया था इस टूर्नामेंट में उन्होंने 6 गोल दागते हुए गोल्डन बूट अपने नाम किया था।
 
थॉमस मुलर 
गोल्डन बूट की रेस में हम अगला नाम मुलर का लेंगे मुलर ने मात्र 20 साल की उम्र में दक्षिण अफ्रीका में हुए 2010 फीफा विश्वकप में सभी को चौंकाते हुए गोल्डन बूट पर कब्जा किया था। इतना ही नहीं साल 2014 में भी मुलर ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था हालांकि इस बार वो गोल्डन बूट अपने नाम नहीं कर पाए थे। पिछले 2 सालों से मुलर के प्रदर्शन में जरूर गिरावट आई है, लेकिन इस सीजन में मुलर ने फिर से फॉर्म में नजर आने लगे हैं और 16 गोल किए हैं।
 
हैरी केन
इंग्लैंड के मौजूदा कप्तान हैरी केन इस वक्त बेहतरीन फॉर्म में हैं। ये हैरी का पहला विश्वकप होगा, लेकिन इनके मौजूदा प्रदर्शन को देखकर फैंस को इनसे कुछ ज्यादा ही उम्मीदें होंगी। केन ने इस सीजन में टोटेनहम के लिए खेलते हुए 50 मैचों में 43 गोल किए हैं। अपने इसी बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर 24 वर्षीय केन इस फेहरिस्त में गोल्डन बूट के प्रबल दावेदारों में शामिल हैं।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »