16 Apr 2024, 10:13:59 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android

केपी सिंह 

इंदौर। स्वच्छता में देश के नंबर वन शहर इंदौर के सामने त्योहार पर निकलने वाले कचरे का निपटान करना सबसे बड़ी चुनौती है, क्योंकि दीपावली पर्व की तैयारी के लिए घर से लेकर कारखानों तक की साफ-सफाई और रंगरोगन किया जा रहा है। इससे शहर में करीब 400 टन से अधिक कचरा बढ़ गया है। हालांकि निगम मुख्यालय, मेयर मालिनी गौड़ और निगम कमिश्नर मनीषसिंह ने शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए निर्णय लिया कि अब सुबह और शाम डोर टू डोर कचरा संग्रहण करने लिए वाहन निकलेंगे।
 
इधर, सभी स्वास्थ्य अफसरों ने मैदान संभाल लिया और निरीक्षण शुरू कर दिया है। इधर, कई स्थानों पर शाम को कचरा वाहन नहीं पहुंच पा रहे हैं। सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए अपर आयुक्त रोहन सक्सेना और कंसल्टेंट अशद वारसी को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वो भ्रमण कर व्यवस्थाएं देख वरिष्ठ अफसरों को अवगत कराएं। 
 
पहले ये थी स्थिति 
शहर में प्रतिदिन 85 वार्डों में सुबह डोर टू डोर कचरा संग्रहण के लिए वाहन पहुंच रहे थे। इसमें सौ फीसदी वाहन निकल रहे थे, जबकि शाम को 30 फीसदी वाहन ही बाजारों की सफाई में निकल पाते थे। इसके चलते कहीं पर कचरा दिखाई नहीं देता था, लेकिन दीपावली पर्व की तैयारी के लिए हो रही साफ-सफाई के चलते 10 से 15 घरों में ही वाहन भराना शुरू हो गए। 

निगरानी के निर्देश  
स्वास्थ्य अफसरों को सफाई व्यवस्था पर निगरानी रखने के लिए निर्देश दिए हैं। आतिशबाजी से निकलने वाले कचरे को भी अलग वाहन लगाकर उठाएंगे। उसके लिए यूजर चार्जेस के रूप में राशि ली जाएगी और निगम सफाई कराएगा।  
-मनीषसिंह, निगम कमिश्नर
 
ये हैं निगम की योजना
शहर में प्रतिदिन अब तक 800 से 900 टन कचरा निकल रहा था, किंतु सभी स्थानों पर साफ-सफाई के कारण ये आंकड़ा 1200 से 1300 टन तक पहुंच गया है। इसमें कचरे की पूरी तरह लिफ्टिंग करना बड़ी चुनौती बन गया। इसमें जिन स्थानों पर ज्यादा कचरा निकल रहा है, उन स्थानों पर कचरा कलेक्शन के शाम को दोबारा जाए। स्वास्थ्य अधिकारी जहां वाहनों की जरूरत बढ़ रही है, वहां वाहन उपलब्ध करवाएं। हालांकि इसमें सफाई मित्रों से जरूर अतिरिक्त सहयोग मांगा है। इससे हमारा शहर साफ-सुथरा बना रहेगा। यहीं कारण है कि निगम के सफाईकर्मी भी अपनी पूरी ताकत के कचरा कलेक्शन करने में जुट गए हैं, ताकि पूरे शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाया जाए। 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »