नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा समेत कई नेताओं ने भाजपा की दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष मांगे राम गर्ग के निधन पर शोक व्यक्त किया है। कोविंद ने अपने शोक संदेश में कहा,‘‘दिल्ली के वरिष्ठ राजनेता और समर्पित, जमीनी नेता गर्ग के निधन बारे में सुनकर दुख हुआ। जनता के प्रति उनके समर्पण, विशेषकर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में उनकी सेवाओं को याद किया जाएगा।
उनके परिवार एवं शुभचिंतकों के प्रति मेरी शोक-संवेदनाएं। मोदी ने ट्वीट करके कहा, मांगे राम गर्ग जी जैसे नेता किसी भी पार्टी के लिए अनमोल रत्न हैं। उन्होंने निस्वार्थ रूप से जमीनी स्तर पर काम किया और विभिन्न सामुदायिक सेवा पहलों के माध्यम से कई लोगों के जीवन को प्रभावित किया। गर्ग जी को उनके अच्छे कामों के लिए वर्षों तक याद किया जाता रहेगा।’’
प्रधानमंत्री ने गर्ग के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए एक अन्य ट्वीट में कहा,‘ गर्ग जी का दिल्ली से गहरा नाता था और उन्हें शहर के लोगों की निस्वार्थ भाव से सेवा की थी। उन्होंने दिल्ली में भाजपा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका निधन दुखद है। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं। ओम शांति। राजनाथ सिहं ने ट्वीट करके कहा,‘‘पार्टी के वरिष्ठ नेता गर्ग जी के निधन से पार्टी ने एक कर्मठ कार्यकर्ता एवं कुशल संगठक खो दिया है। उन्होंने पार्टी को मजÞबूत करने में काफी बड़ी भूमिका निभाई।
उनका जाना दुखद है। मैं उनके शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ।’’ नड्डा ने ट्वीट करके कहा, ‘‘ गर्ग जी के निधन से मन अत्यंत दुखी है। उनका निधन संगठन के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। मैं शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ। ॐ शांति।’’ गौरतलब है कि 82 वर्षीय श्री मांगे राम गर्ग का रविवार सुबह निधन हो गया। ब्रेन हैमरेज होने के बाद गर्ग को 15 जुलाई को एक्शन बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।