नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को मुंबई में इमारत ढहने जैसी घटना को रोकने के लिए आवश्यक एहतियाती कदम नहीं उठाने को लेकर अधिकारियों पर सवाल खड़ा करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से पीड़ितों की सहायता करने की अपील की। वाड्रा ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘मुंबई में हाल के दिनों में इस तरह की यह तीसरी घटनाहुई है। अधिकारियों ने समय पर कार्रवाई क्यों नहीं की? मैं चार मंजिली इमारत में फंसे लोगों की सलामती की दुआ करती है। मेरी संवेदना पीड़ित परिवारों के साथ है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जितना हो सके राहत एवं बचाव कार्य में सहायता करनी चाहिए।’’
कांग्रेस पार्टी ने मुंबई हादसे पर दुख जताते हुए अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, ‘‘हम इमारत के मलबे में फंसे लोगों की सलामती के लिए दुआ करते हैं और हमारी संवेदना पीड़ित परिवारों के साथ है। हम कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं से राहत एवं बचाव कार्य में हरसंभव सहयोग की अपील करते हैं।’’ उल्लेखनीय है कि मुंबई के डोंगरी इलाके में 100 वर्ष पुरानी चार मंजिली इमारत के गिरने के कारण चार लोगों की मौत और कई अन्य लोगों के फंसे होने की सूचना है। राहत एवं बचावकर्मयों ने अब तक सात लोगों को मलबे से बाहर निकाला है।